इंदौर में दीपावली वाले दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राऊ इलाके की साईं विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
![]()
बच्चों को खेलने भेजकर की वारदात
पत्नी की हत्या करने से पहले युवक ने अपने दोनों बच्चों को घर के पास के गार्डन में खेलने के लिए भेज दिया था। जब बच्चे घर लौटे, तो मां का शव फर्श पर पड़ा था और पिता फांसी के फंदे पर झूल रहा था। आस-पास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
शक के चलते हुआ विवाद
पुलिस को जांच में पता चला कि युवक पवन अपनी पत्नी वर्षा पर शक करता था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पवन को रेहान नामक युवक पर शक था, जिसे कुछ दिन पहले पवन ने घर पर वेल्डिंग कराने के लिए बुलाया था। पवन को शंका थी कि उसकी पत्नी रेहान से बातचीत करती है। पवन के दोस्तों ने बताया कि पवन ने रेहान को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह धमकियां दे रहा था।
दोपहर तीन बजे हुआ विवाद
पवन और वर्षा के बीच दोपहर करीब तीन बजे विवाद हुआ था। इसके बाद पवन ने चाकू से वर्षा का गला रेता और उसकी हत्या कर दी। फिर कमरे में फांसी का फंदा बनाकर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस अब इस मामले में रेहान से भी पूछताछ कर सकती है। पुलिस ने वर्षा का मोबाइल भी जब्त किया है।
दो बच्चे अनाथ, परिवार मूल रूप से रीवा का
पवन मूल रूप से रीवा का रहने वाला है। शादी के बाद वह इंदौर आकर रहने लगा था। वह पराठे का ठेला लगाता था और किराए के मकान में रहता था। उसका 15 साल का बेटा और सात साल की बेटी है, जो अब अनाथ हो गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

