back to top
Monday, November 9, 2026
Homeराज्यदिवाली के बाद 4 घंटे में चमका इंदौर, 1500 टन कचरा साफ

दिवाली के बाद 4 घंटे में चमका इंदौर, 1500 टन कचरा साफ

स्वच्छता में सिरमौर रहे इंदौर के लिए दीपावली के बाद शहर को साफ रखना नगर निगम के सामने बड़ी चुनौती थी। त्योहार पर इस साल शहर में रिकॉर्ड मात्रा में कचरा निकला, लेकिन नगर निगम के सफाई अमले ने भी उतनी ही तेजी से मोर्चा संभाला। तड़के चार बजे से आठ हजार सफाईकर्मी सड़कों पर उतर गए और महज चार घंटे में शहर की सफाई कर दी। सुबह जब शहरवासी घरों से बाहर निकले तो उन्हें सड़कें और गलियां रोज की तरह साफ-सुथरी नजर आईं।

डेढ़ हजार टन से ज्यादा कचरा साफ किया

इस बार दीपावली पर शहर में जमकर आतिशबाजी हुई। इसके चलते डेढ़ हजार टन से ज्यादा कचरा निकला, जबकि सामान्य दिनों में इंदौर में करीब एक हजार टन कचरा निकलता है। सड़कों पर पटाखों के अवशेष, पॉलिथीन और दुकानों से निकला कचरा बिखरा पड़ा था, लेकिन सोमवार सुबह तक यह सब साफ हो चुका था। एमजी रोड और रीगल चौराहे जैसे प्रमुख मार्गों की सफाई के लिए मशीनें सुबह चार बजे ही पहुंच गई थीं। सुबह पांच बजे तक कई प्रमुख मार्ग साफ हो चुके थे, जबकि आठ बजे से पहले शहर की गलियों में भी सफाई पूरी कर ली गई थी। सुबह नौ बजे तक पूरा शहर साफ हो चुका था।

निगमायुक्त भी सुबह चार बजे से मैदान में

आमतौर पर दीपावली के अगले दिन देर तक सड़कों और गलियों में कचरा बिखरा रहता है। त्योहार के कारण सफाईकर्मी भी देर से काम पर पहुंचते हैं। इस स्थिति से बचने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने पिछले साल की तरह इस बार भी विशेष सफाई योजना तैयार की थी। अधिकारियों ने भी सुबह से ही मैदान में उतरकर व्यवस्था की निगरानी की। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल सुबह चार बजे से ही सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंच गए थे। हालांकि, इस दौरान सफाईकर्मियों को धुएं के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर कचरा जलता हुआ मिला, जिससे सफाई कार्य में दिक्कत आई। इसके बावजूद सफाई अमले ने तय समय में शहर को स्वच्छ कर दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments