मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अध्यक्ष और एमपी प्रीमियर लीग के संस्थापक महानआर्यमन सिंधिया ने दिवाली के अवसर पर ग्वालियर के आठ क्रिकेटरों को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया। ग्वालियर के कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में क्रिकेट में उपलब्धियों और योगदान के लिए इन खिलाड़ियों को क्रिकेट किट, वित्तीय सहायता, इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की गई।
![]()
किसे क्या मिला
इस मौके पर रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अक्षय शर्मा और क्रिकेटर होनी यादव को इलेक्ट्रिक स्कूटर दिए गए। भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के मैनेजर जरनैल सिंह को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की गई। मध्य प्रदेश अंडर-19 टीम के खिलाड़ी आर्यन कुशवाहा और यशस्विनी बोहरे को क्रिकेट किट दी गई, जबकि युवराज कनसाना और सोनम यादव को 10-10 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। दिव्यांग क्रिकेटर योगेंद्र सिंह को भी क्रिकेट किट भेंट की गई।
दिव्यांग क्रिकेटरों का सम्मान
कार्यक्रम की सबसे खास बात दिव्यांग क्रिकेटरों का सम्मान रहा। व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के मैनेजर जरनैल सिंह को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर देकर उनकी मेहनत और समर्पण को सराहा गया, वहीं दिव्यांग क्रिकेटर योगेंद्र सिंह को क्रिकेट किट देकर प्रोत्साहित किया गया। सिंधिया ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत से खेल की दुनिया में नई मिसाल कायम कर रहे हैं और उन्हें हर संभव मदद मिलनी चाहिए।
युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की अंडर-19 टीम के युवा खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। आर्यन कुशवाहा और यशस्विनी बोहरे को क्रिकेट किट देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के सम्मान से युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है और वे बड़े मंच पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित होते हैं। महानआर्यमन सिंधिया मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष होने के साथ-साथ मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के संस्थापक भी हैं। उनके नेतृत्व में संघ जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर लगातार काम कर रहा है। ग्वालियर के क्रिकेट प्रेमियों ने इस पहल की सराहना की है।

