इंदौर से करीब 60 किलोमीटर दूर गौतमपुरा में आज दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर सदियों पुराना हिंगोट युद्ध खेला जाएगा। इसमें तुर्रा और कलंगी दल के योद्धा एक-दूसरे पर बारूद से भरे जलते हुए हिंगोट बरसाएंगे। इस अनोखी परंपरा को निभाने के लिए 150 से ज्यादा योद्धा मैदान में उतरेंगे, जबकि आसपास के गांवों और इंदौर शहर से बड़ी संख्या में दर्शक इसे देखने पहुंचेंगे। युद्ध शाम करीब चार बजे देवनारायण मंदिर में पूजा के बाद शुरू होगा।
![]()
हिंगोट कैसे बनता है
जिस हिंगोट से यह युद्ध होता है, उसे हिंगोरिया नाम के पेड़ के फलों से तैयार किया जाता है। फलों को सुखाकर उनमें छेद किया जाता है और अंदर बारूद भरा जाता है। इसके बाद इसमें रॉकेट की तरह बांस की डंडी लगाई जाती है। योद्धा इस डंडी को पकड़कर हिंगोट को जलाते हैं और दुश्मन दल की ओर फेंकते हैं। हवा में जलता हुआ हिंगोट अग्निबाण की तरह नजर आता है, इसीलिए इसे अग्निबाणों का युद्ध भी कहा जाता है।
तुर्रा बनाम कलंगी — न कोई हार, न कोई जीत
इस पारंपरिक युद्ध में मुख्य रूप से दो दल आमने-सामने होते हैं — गौतमपुरा के तुर्रा और रुणजी के कलंगी। दोनों दलों के योद्धा एक-दूसरे पर हिंगोट बरसाते हैं, लेकिन इस युद्ध में न कोई विजेता घोषित होता है और न किसी को पराजित माना जाता है। यह केवल आपसी भाईचारे और सदियों पुरानी परंपरा की अनोखी मिसाल है। दोनों दल युद्ध से पहले भगवान देवनारायण की पूजा करते हैं और फिर मैदान में उतरते हैं।
सदियों पुरानी परंपरा
हिंगोट युद्ध की शुरुआत कब और किसने की, इसका प्रमाणित इतिहास उपलब्ध नहीं है, लेकिन यह परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है। इस परंपरा को राष्ट्रीय पहचान 1984 में मिली थी, जब गौतमपुरा के करीब 16 लोगों ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में मालवा कला महोत्सव के दौरान इसका प्रदर्शन किया था। तब से यह युद्ध देशभर में मालवा की अनोखी पहचान बन गया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हिंगोट युद्ध जितना रोमांचक है, उतना ही खतरनाक भी। हर साल इस दौरान कई लोग घायल भी हो जाते हैं। कई बार हिंगोट की चपेट में दर्शक भी आ चुके हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने मौके पर स्वास्थ्य टीम तैनात की है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी युद्ध के दौरान मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

