दीपावली से ठीक पहले रविवार को रवि पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग पर इंदौर के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। शहर के सभी व्यापारिक क्षेत्रों को मिलाकर करीब 850 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड कारोबार हुआ। अकेले ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 100 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ, जबकि रियल एस्टेट में करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्तियों की खरीदारी हुई। शुभ मुहूर्त और त्योहारी ऑफर्स के चलते सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
![]()
## ऑटोमोबाइल बाजार में 700 कार, 1500 दोपहिया की डिलीवरी
इंदौर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विशाल पमनानी के अनुसार, रवि पुष्य के मौके पर शहर में लगभग 700 कारों और 1500 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी हुई। बड़ी संख्या में लोगों ने हफ्तों पहले ही वाहनों की एडवांस बुकिंग करवा रखी थी और रविवार को वे सिर्फ डिलीवरी लेने शोरूम पहुंचे थे। इस खास दिन के लिए शहर के वाहन शोरूम सुबह से ही सजे-धजे नजर आ रहे थे। लक्जरी एसयूवी के साथ-साथ हैचबैक यानी बजट और छोटी कारों की भी अच्छी मांग रही। बड़े परिवारों और ज्यादा फीचर्स चाहने वालों ने एसयूवी को प्राथमिकता दी, वहीं सीमित बजट वालों ने छोटी कारें खरीदीं। पर्यावरण अनुकूल सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों की भी अलग मांग बनी रही।
## रियल एस्टेट और सर्राफा में भी रौनक
ऑटोमोबाइल के अलावा सोना-चांदी, रियल एस्टेट, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान के बाजारों में भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। शुभ मुहूर्त में नए मकान, प्रीमियम फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों के कई बड़े सौदे फाइनल हुए। इलेक्ट्रॉनिक्स, आधुनिक घरेलू उपकरणों, सजावटी वस्तुओं और कपड़ों के बाजार में भी जबरदस्त ग्राहकी रही। कारोबारियों के अनुसार, सामान्य बजट कारों से लेकर करोड़ों की लक्जरी कारें तक हाथों-हाथ बिकीं।
## धनतेरस-दिवाली पर भी बरकरार रहने की उम्मीद
त्योहारी ऑफर्स और शुभ मुहूर्त पर नया वाहन खरीदने की पुरानी परंपरा के चलते पूरे ऑटोमोबाइल बाजार में शानदार उत्साह देखा गया। कारोबारियों को पूरी उम्मीद है कि यह व्यापारिक उत्साह आने वाली धनतेरस और दिवाली के पर्व पर भी इसी तरह बरकरार रहेगा। रवि पुष्य पर हुई रिकॉर्ड बिक्री ने व्यापारियों का मनोबल बढ़ा दिया है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहारी सीजन में इंदौर का बाजार इस बार नए रिकॉर्ड बना सकता है, क्योंकि ग्राहकों का भरोसा और खरीदारी की रफ्तार दोनों मजबूत दिख रहे हैं।

