back to top
Friday, November 13, 2026
Homeराज्यइंदौर: सानंद के संस्थापक जयंत भिसे का निधन, रंगमंच जगत में शोक

इंदौर: सानंद के संस्थापक जयंत भिसे का निधन, रंगमंच जगत में शोक

इंदौर में संस्था सानंद को सफलता के मुकाम तक पहुंचाने वाले जयंत भिसे का गुरुवार को निधन हो गया। वे उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह और कला अकादमी के पूर्व निदेशक भी थे। जयंत लंबे समय से बीमार थे और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनकी अंतिम यात्रा शालीमार टाउनशिप स्थित निवास से रामबाग गई। परिवार में पत्नी और एक बेटा है। उनके निधन पर शहर के गणमान्य नागरिकों ने शोक व्यक्त किया है।

जयंत भिसे ने इंदौर में रंगमंच को बढ़ावा देने के लिए सानंद संस्था की स्थापना की थी। इस संस्था के माध्यम से वे वर्षभर शहर में कई सांस्कृतिक और नाट्य आयोजनों का आयोजन करवाते थे। वर्षभर में सबसे अधिक आयोजन कराने का रिकॉर्ड भी इस संस्था के नाम रहा है। इंदौर की सांस्कृतिक और रंगमंचीय गतिविधियों को नई पहचान दिलाने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।

रंगमंच को दी नई पहचान

भिसे के प्रयासों से इंदौर का रंगमंच देशभर में जाना जाने लगा। सानंद के मंच पर देश के बड़े कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं, और शहर के दर्शकों को सालभर नाटक, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने का मौका मिला। उनके नेतृत्व में संस्था ने न केवल मनोरंजन दिया, बल्कि नई पीढ़ी के कलाकारों को भी मंच और प्रोत्साहन दिया। शहर के सांस्कृतिक जीवन में सानंद का नाम जयंत भिसे की पहचान बन गया था।

राजनीति में भी रहे सक्रिय

जयंत भिसे बैंक में नौकरी करते थे। नौकरी छोड़ने के बाद वे राजनीति से भी जुड़ गए। उनकी गिनती सुमित्रा महाजन के समर्थकों में होती थी। बाद में वे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विधायक उषा ठाकुर से भी जुड़े। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लंबे इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

शहर के गणमान्य नागरिकों ने जताया शोक

सामाजिक कार्यकर्ता मुकुंद कुलकर्णी ने कहा कि जयंत भिसे ने इंदौर के कलाजगत को एक पहचान दी। उन्होंने एक सर्वश्रेष्ठ संस्था बनाई और उसे सफलतापूर्वक चलाया। जयंत मेहनती तो थे ही, उनमें मिलनसारिता का गुण भी था। अभ्यास मंडल के पूर्व अध्यक्ष शिवाजी मोहित ने कहा कि जयंत भिसे की रचनात्मक सोच ने सानंद के जरिए दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया। रंगमंच के बड़े कलाकारों को इंदौर के मंच पर स्थान दिया। वे लोगों की मदद करने के लिए भी तत्पर रहते थे। उनके जाने की कमी शहर को खलेगी।

इंदौर के सांस्कृतिक जगत में जयंत भिसे का जाना एक युग के अंत जैसा माना जा रहा है। उनके चाहने वालों और रंगमंच से जुड़े कलाकारों का कहना है कि सानंद की विरासत को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments