भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अपने सबसे भरोसेमंद रॉकेट पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (पीएसएलवी) की विश्वसनीयता को फिर से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी और निर्णायक सफलता हासिल की है। इसरो ने गुरुवार को जानकारी दी कि श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में रॉकेट के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टैटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह सफल परीक्षण पीएसएलवी के लगातार दो मिशनों में आई तकनीकी खामियों के बाद किया गया है, जिनमें रॉकेट के तीसरे चरण में समस्या के कारण मिशन असफल हो गए थे।
![]()
तीसरे चरण में क्या-क्या बदला
इसरो ने बताया कि सिस्टम को पहले से अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए इसके डिजाइन मार्जिन, कच्चे माल की गुणवत्ता, असेंबली प्रक्रिया और जांच मानकों की गहन समीक्षा की गई थी। इसके बाद पीएस3 सॉलिड मोटर में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। नोजल कॉन्फिगरेशन को उन्नत किया गया और मैकेनिकल इंटरफेस को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया। किसी भी तरह के रिसाव या दबाव की कमी को रोकने के लिए सीलिंग प्रणालियों में अतिरिक्त रिडंडेंसी जोड़ी गई है। कच्चे माल की स्वीकृति, मोटर असेंबली, इंटीग्रेशन और परिवहन के विभिन्न चरणों में अपडेटेड नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग प्रक्रियाओं को लागू किया गया है।
दो झटके जिसने सवाल खड़े किए
पीएसएलवी भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की रीढ़ रहा है, लेकिन बीते एक साल में लगातार दो झटकों ने इसकी साख पर सवाल खड़े कर दिए थे। ये बदलाव मई 2025 में पीएसएलवी-सी61/ईओएस-09 और जनवरी 2026 में पीएसएलवी-सी62/ईओएस-एन1 मिशनों में आई असफलताओं के बाद किए गए हैं। 18 मई 2025 को 1,696 किलोग्राम वजनी अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट ईओएस-09 को लेकर उड़े इस रॉकेट के पहले दो चरण सामान्य रहे थे। लेकिन तीसरे चरण के दौरान चैंबर के दबाव में अचानक गिरावट आने से मिशन विफल हो गया था। इसके बाद सुधार के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की समिति बनाई गई थी। दूसरा झटका 12 जनवरी 2026 को लगा, जब ईओएस-एन1 अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट और 15 अन्य पेलोड लेकर जा रहे पीएसएलवी-सी62 में तीसरे चरण के अंत में एक खराबी आ गई। रॉकेट के रोल रेट (घूमने की गति) में गड़बड़ी आई, जिसके बाद वह अपने तय रास्ते से भटक गया और सैटेलाइट्स को उनकी निर्धारित कक्षाओं में स्थापित नहीं कर सका।
अब आगे क्या होगा
अंतरिक्ष एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस सफल ग्राउंड टेस्ट से प्राप्त डेटा का अब सूक्ष्म विश्लेषण किया जाएगा। इसके माध्यम से संशोधित सॉलिड मोटर और उसके सब सिस्टम के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन होगा, जिसके आधार पर आगे के परीक्षण किए जाएंगे। चार चरणों वाला लॉन्च व्हीकल, पीएसएलवी, भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का एक मुख्य आधार रहा है। इसने चंद्रयान-1 और मार्स ऑर्बिटर मिशन से लेकर आदित्य-एल1 तक कई महत्वपूर्ण मिशन पूरे किए हैं। इसका फिर से पूरी तरह भरोसेमंद तरीके से उड़ान भरना न केवल इसरो के अपने मिशनों के लिए, बल्कि भारत की कमर्शियल सैटेलाइट लॉन्च प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है।

