back to top
Thursday, November 12, 2026
Homeविज्ञानकोरोना का नया वैरिएंट PJ.2.1 फैला, क्या पुरानी वैक्सीन करेगी काम?

कोरोना का नया वैरिएंट PJ.2.1 फैला, क्या पुरानी वैक्सीन करेगी काम?

कोरोना वायरस एक बार फिर अपने नए वैरिएंट को लेकर चर्चा में है। इस बार वैज्ञानिकों की नजर PJ.2.1 नाम के नए वैरिएंट पर है, जिसमें वायरस के स्पाइक प्रोटीन में कई बदलाव देखने को मिले हैं। यही प्रोटीन कोरोना वायरस को इंसान की कोशिकाओं से जुड़ने और उनमें दाखिल होने में मदद करता है। ऐसे में वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह वैरिएंट कितनी तेजी से फैल सकता है और पहले से बनी इम्युनिटी इस पर कितना असर करेगी।

कोरोना नया वैरिएंट PJ.2.1

क्या है कोरोना का नया वैरिएंट PJ.2.1?

PJ.2.1 कोरोना वायरस यानी SARS-CoV-2 का नया वैरिएंट है। यह वायरस के पुराने वैरिएंट से कुछ आनुवंशिक बदलावों के साथ सामने आया है। वैज्ञानिकों के अनुसार इसका संबंध MC.10.1.7 वंश से है, जो पहले JN.1 से जुड़ा हुआ था। यह वैरिएंट सबसे पहले मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो में सामने आया था। इसके बाद अमेरिका, यूरोप, एशिया और ओशेनिया के कुछ हिस्सों में भी इसकी मौजूदगी की खबरें सामने आई हैं। इसके फैलने के साथ ही सवाल उठने लगे हैं कि क्या कोरोना की एक और लहर आ सकती है और क्या पुरानी वैक्सीन इस नए वैरिएंट से बचाने में कारगर होगी।

स्पाइक प्रोटीन में बदलाव क्यों बढ़ा रहे चिंता?

कोरोना वायरस के बाहर कांटों जैसी संरचना दिखाई देती है, जिसे स्पाइक प्रोटीन कहते हैं। वायरस इसी प्रोटीन की मदद से इंसान की कोशिकाओं तक पहुंचता है और उनमें एंट्री की कोशिश करता है। इंसान की कोशिकाओं की सतह पर ACE2 नाम का रिसेप्टर मौजूद होता है। कोरोना वायरस का स्पाइक प्रोटीन इसी रिसेप्टर से जुड़कर कोशिका में दाखिल होने का रास्ता बनाता है। इस वैरिएंट को लेकर अक्टूबर 2026 में जर्नल ऑफ इंफेक्शन में एक रिसर्च प्रकाशित हुई। जर्मनी के वैज्ञानिक मार्कस हॉफमैन और उनकी टीम ने इस रिसर्च में PJ.2.1 के फैलने के तरीके और उसके स्पाइक प्रोटीन के व्यवहार पर अध्ययन किया। लैब में किए गए परीक्षणों में PJ.2.1 के स्पाइक प्रोटीन वाले कणों ने कुछ कोशिकाओं में दूसरे वैरिएंट की तुलना में लगभग 1.5 से 2.5 गुना अधिक प्रवेश क्षमता दिखाई।

क्या वैक्सीन पर बेअसर हो जाएगा नया वैरिएंट?

PJ.2.1 को लेकर सबसे बड़ा सवाल वैक्सीन से मिलने वाली सुरक्षा का है। स्पाइक प्रोटीन में बदलाव होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि शरीर में पहले से बनी एंटीबॉडी इस वैरिएंट को पहचानने में कमजोर तो नहीं पड़ जाएंगी। हालांकि शुरुआती रिसर्च के नतीजे कुछ हद तक राहत देने वाले हैं। जर्नल ऑफ इंफेक्शन में प्रकाशित स्टडी के अनुसार PJ.2.1 में वैक्सीन से बनी एंटीबॉडी को चकमा देने की क्षमता दूसरे कई वैरिएंट की तुलना में बहुत ज्यादा नहीं पाई गई।

क्या यह पहले से ज्यादा खतरनाक है, भारत में क्या स्थिति है?

किसी वायरस का तेजी से फैलना और उससे होने वाली बीमारी का गंभीर होना अलग-अलग बातें हैं। PJ.2.1 में कोशिकाओं से जुड़ने की क्षमता बढ़ने के शुरुआती संकेत जरूर मिले हैं, लेकिन ऐसा कोई सबूत नहीं है कि यह वैरिएंट पहले के वैरिएंट की तुलना में ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करता है। PJ.2.1 के मामले अमेरिका, कनाडा, यूरोप, एशिया और ओशेनिया के कुछ हिस्सों में मिले हैं। अभी भारत में इसकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। भारत में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट की पहचान और निगरानी के लिए INSACOG यानी इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम का नेटवर्क काम करता है। इसके तहत अलग-अलग राज्यों से कोरोना के सैंपल लेकर उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग की जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments