मध्य प्रदेश की राजनीति में 2028 के विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट अभी से तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुना में अनौपचारिक चर्चा के दौरान बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने साफ कहा कि 2028 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस सामूहिक रूप से लड़ेगी, लेकिन प्रमुख तौर पर प्रदेश कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व — नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी — के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। दिग्विजय सिंह दीपावली ब्रेक के बाद अपनी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा फिर से शुरू करने के लिए गुना पहुंचे थे।
![]()
कमलनाथ सीनियर लीडर, राहुल गांधी लेंगे अंतिम फैसला
दिग्विजय सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कमलनाथ पार्टी के सीनियर लीडर हैं और मध्य प्रदेश में उनका वर्चस्व है। वहीं कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि नेतृत्व को लेकर अंतिम फैसला राहुल गांधी लेंगे। उन्होंने बताया कि जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को जिम्मेदारी दे रखी है, उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव होगा। दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी भी पलटवार करने में पीछे नहीं रही।
भाजपा का पलटवार, दिग्विजय को बताया षड्यंत्रकारी
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दिग्विजय सिंह को देश का सबसे बड़ा षड्यंत्रकारी नेता बताया और जीतू पटवारी को उनसे सावधान रहने की सलाह दी। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने कभी कांतिलाल भूरिया, जमुना देवी और सुभाष यादव जैसे नेताओं को आगे नहीं बढ़ने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह के बयान के पीछे पार्टी के भीतर अपनी पकड़ बनाए रखने की रणनीति है।
सावरकर हिंदुत्व पर हमला, बागेश्वर बाबा पर तंज
दिग्विजय सिंह ने भाजपा और संघ की विचारधारा पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा सनातन हिंदुत्व नहीं, बल्कि सावरकर का हिंदुत्व है। उनके अनुसार सावरकर की विचारधारा समाज को जोड़ने के बजाय हमेशा से उसे विभाजित करने का काम करती रही है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे भगवान कृष्ण पर दी गई शास्त्री की टिप्पणियों से बिल्कुल सहमत नहीं हैं। हालांकि उन्होंने मुस्कुराते हुए तंज कसा कि जिन-जिन नेताओं ने उनके यहां कथा करवाई थी, वे सभी चुनाव हार गए।
सिंधिया से पूछा सवाल, योगी की तारीफ भी की
स्थानीय मुद्दों पर बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने किसानों की खराब स्थिति और बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार को घेरा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले क्षेत्र में निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब सांसद और केंद्र सरकार के कद्दावर मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई के साधन क्यों नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लड़ेगी। उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बात करते हुए उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा एसआईआर को लेकर जताई गई आपत्ति का समर्थन किया और मांग की कि इसे पूरी तरह समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच भविष्य में भी गठबंधन जारी रहने के संकेत दिए।

