दीपावली के बाद इंदौर की मंडियों में रौनक लौट आई है। त्योहार के बाद मंडियां खुलने पर मुहूर्त में सौदे करने की परंपरा शहर में बरसों से चली आ रही है और इस बार भी किसान व व्यापारी इसी परंपरा के साथ नए कारोबारी साल की शुरुआत कर रहे हैं। बुधवार को कृषि उपज मंडी में मुहूर्त के सौदे हुए, जबकि छावनी अनाज मंडी में गुरुवार को सौदे किए जाएंगे। व्यापारियों के लिए दीपावली के बाद का यह समय नए कारोबारी वर्ष की शुरुआत माना जाता है, इसलिए मुहूर्त के सौदों को शुभ संकेत के रूप में देखा जाता है।
![]()
गाजे-बाजे के साथ मंडी प्रांगण में पहुंचे व्यापारी
बुधवार को इंदौर कृषि उपज मंडी में किसान और व्यापारी एकत्र हुए। मंडी के गेट से गाजे-बाजे के साथ सभी मंडी प्रांगण में पहुंचे। इसके बाद बैलगाड़ी का पूजन किया गया और नीलामी के सौदे किए गए। सौदों के बाद दीपावली मिलन समारोह में किसानों और व्यापारियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। फिर कन्या भोज के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। इस दौरान मंडी परिसर में उत्साह का माहौल रहा और व्यापारियों ने एक-दूसरे को नए कारोबारी साल की शुभकामनाएं दीं।
सराफा व्यापारियों ने मंगलवार को ही किए मुहूर्त सौदे
सराफा व्यापारियों ने मंगलवार को ही मिलन समारोह के दौरान बही लेखन के साथ मुहूर्त के सौदे कर लिए थे। ये सौदे मुहूर्त में सुबह साढ़े 9 बजे से शाम साढ़े 4 बजे तक हुए। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधि और प्रतिनिधि संस्थानों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सराफा बाजार में मुहूर्त के सौदों की परंपरा भी पुरानी है और व्यापारी इसे आने वाले साल के कारोबार के लिए शुभ मानते हैं।
सियागंज और संयोगितागंज में गुरुवार को होंगे सौदे
इंदौर की सियागंज और संयोगितागंज मंडी में गुरुवार को मुहूर्त के सौदे होंगे। सियागंज में दोपहर में महालक्ष्मी पूजन होगा, जिसके बाद सौदे किए जाएंगे। वहीं सियागंज में तिलहन संघ के व्यापारी पहले महालक्ष्मी पूजन करेंगे। इसके बाद 56 प्रकार के भोग लगाए जाएंगे और मुहूर्त में सौदे किए जाएंगे। इस दौरान मंडी में सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहेंगे। मंडी व्यापारियों का मानना है कि मुहूर्त के सौदों से नए साल के कारोबार की अच्छी शुरुआत होती है और पूरे साल व्यापार में बरकत बनी रहती है।

