इंदौर में पुलिस ने एक कार से 80 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है। शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस को एक संदिग्ध कार खड़ी मिली, जिसकी तलाशी में यह बड़ी रकम मिली। यह रकम टीपीएस-05 मेन रोड पर फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित एक खाली मैदान में खड़ी वैगनआर कार से मिली। कार में सवार दो व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
![]()
नोटों की गिनती में मिले 80 लाख रुपये
जानकारी के मुताबिक, बुधवार 11 नवंबर 2026 को कनाड़िया थाना पुलिस को क्षेत्र में एक संदिग्ध चार पहिया वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन क्रमांक एमपी 09 जेडई 5088 की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली। कार में तिलोक पिता भेरूलाल गामी (52), निवासी बरखेड़ा सोमा, थाना बागली, जिला देवास और मनोज पिता भेरूलाल गामी (44), निवासी बरखेड़ा सोमा, जिला देवास सवार थे। पुलिस ने जब नकदी की गिनती कराई तो कुल 80 लाख रुपये मिले। इसमें 500 रुपये के नोटों में 75 लाख, 100 रुपये के नोटों में 3 लाख और 200 रुपये के नोटों में 2 लाख रुपये शामिल थे।
जमीन बिक्री की रकम बताई, दस्तावेज नहीं दिखा सके
इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों अलग-अलग जानकारी देते नजर आए। उन्होंने बताया कि वे यह रकम बिचौली निवासी सुरेश से लेकर आ रहे हैं। उनके मुताबिक, यह राशि देवास जिले के बरखेड़ा-बागली क्षेत्र में जमीन की बिक्री से प्राप्त हुई है। हालांकि, जमीन के सौदे और नकदी के स्रोत से जुड़े कोई दस्तावेज वे मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। इस कारण पुलिस को पूरा मामला संदिग्ध लगा। पुलिस अब दोनों व्यक्तियों से जमीन की रजिस्ट्री, सौदे से संबंधित दस्तावेज और रकम के लेनदेन का प्रमाण मांग रही है।
आयकर विभाग को भी भेजी जाएगी जानकारी
फिलहाल पुलिस ने 80 लाख रुपये की नकदी नियमानुसार जब्त कर ली है। साथ ही आयकर विभाग को भी आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा। पुलिस जांच कर रही है कि बरामद रकम वास्तव में जमीन की बिक्री से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य लेनदेन है। दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी नकदी बिना दस्तावेज के ले जाना नियमों के खिलाफ है और रकम के स्रोत की पूरी जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

