back to top
Tuesday, November 17, 2026
Homeव्यापारइंदौर सराफा: सोना 1,000 और चांदी 3,000 रुपये घटी, ग्राहकी सुस्त

इंदौर सराफा: सोना 1,000 और चांदी 3,000 रुपये घटी, ग्राहकी सुस्त

इंदौर के सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को इंदौर में सोना केडबरी एक हजार रुपये टूटकर एक लाख 40 हजार रुपये प्रति दस ग्राम रह गया, जबकि चांदी चौरसा तीन हजार रुपये गिरकर एक लाख 81 हजार 800 रुपये प्रति किलो पर आ गई। कीमतें घटने के बावजूद बाजार में ग्राहकी फिलहाल सीमित बनी हुई है। गुरुवार को सोना एक लाख 41 हजार रुपये और चांदी एक लाख 84 हजार 800 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

इंदौर सराफा सोना चांदी भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में मुनाफावसूली से दबाव

अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा बाजार में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को देर शाम तक सटोरियों और निवेशकों की मुनाफावसूली की बिकवाली का दबाव बना रहा, जिससे सोने-चांदी के वायदा भावों में गिरावट दर्ज की गई। तेल की कीमतों में उछाल के कारण महंगाई की चिंताएं बढ़ गई हैं और ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका मजबूत हुई है। इसी वजह से कामेक्स पर सोना वायदा 53 डालर टूटकर 3,897 डालर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया, जबकि चांदी वायदा 110 सेंट घटकर 50.01 डालर प्रति औंस पर रहा। सोने का वायदा दिन में ऊपर में 3,923 डालर और नीचे में 3,874 डालर प्रति औंस तक गया, वहीं चांदी का वायदा ऊपर में 50.78 डालर और नीचे में 49.58 डालर प्रति औंस के बीच रहा।

फेड अधिकारियों के बयान से बढ़ी चिंता

अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी का समर्थन किया है। महंगाई अभी भी केंद्रीय बैंक के दो फीसद के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है, इसलिए अधिकारी धीरे-धीरे सख्ती बढ़ाने के पक्ष में हैं। नीतिगत संकेतों को देखते हुए गोल्डमैन सैक्स ने 2026 के अंत के लिए सोने की कीमत का अपना अनुमान 4,650 डालर प्रति औंस से घटाकर 4,150 डालर प्रति औंस कर दिया है। बैंक ने 2027 के अंत के लिए अनुमान भी 5,400 डालर से घटाकर 4,800 डालर प्रति औंस कर दिया है। वहीं, सिटी बैंक ने अगले शून्य से तीन महीने के लिए सोने का लक्ष्य 4,500 डालर प्रति औंस और छह से बारह महीने के लिए 5,000 डालर प्रति औंस रखा है।

इंदौर के बंद भाव

इंदौर में शुक्रवार को सोना केडबरी रवा नकद में एक लाख 40 हजार रुपये, सोना आरटीजीएस में एक लाख 35 हजार 950 रुपये और सोना 22 कैरेट एक लाख 24 हजार 600 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। ये भाव जीएसटी अतिरिक्त हैं। चांदी चौरसा एक लाख 81 हजार 800 रुपये, चांदी आरटीजीएस एक लाख 76 हजार 300 रुपये और चांदी टंच एक लाख 81 हजार 800 रुपये प्रति किलो के भाव बोली गई। चांदी का सिक्का 2,250 रुपये प्रति नग के भाव रहा। बाजार के जानकारों का कहना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय संकेत साफ नहीं होते, तब तक सराफा बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments