back to top
Thursday, November 19, 2026
Homeव्यापारइंदौर सराफा: सोना 800 सस्ता, चांदी 1,000 टूटी; जानें आज के भाव

इंदौर सराफा: सोना 800 सस्ता, चांदी 1,000 टूटी; जानें आज के भाव

सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला इस सप्ताह लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई मंदी का सीधा असर इंदौर के सराफा बाजार पर भी दिखा। मंगलवार को इंदौर में सोना केडबरी 800 रुपये टूटकर 1,38,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी चौरसा 1,000 रुपये घटकर 1,73,600 रुपये प्रति किलो रह गई। शादी-ब्याह के सीजन में खरीदारी की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह गिरावट राहत भरी मानी जा रही है, क्योंकि कीमतें घटने के साथ ही सराफा बाजार और शोरूमों में गहनों की अच्छी ग्राहकी देखने को मिल रही है।

इंदौर सराफा बाजार के ताजा भाव

इंदौर के बंद भावों के अनुसार, सोना केडबरी रवा नकद में 1,38,100 रुपये प्रति 10 ग्राम बोला गया, जबकि सोमवार को यह 1,38,900 रुपये पर बंद हुआ था। सोना आरटीजीएस 1,33,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) और 22 कैरेट सोना 1,22,650 रुपये प्रति 10 ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) पर रहा। चांदी चौरसा और चांदी टंच 1,73,600 रुपये प्रति किलो बोली गईं, जबकि सोमवार को चांदी चौरसा 1,74,600 रुपये पर बंद हुई थी। चांदी आरटीजीएस का भाव 1,68,500 रुपये प्रति किलो और चांदी का सिक्का 2,200 रुपये प्रति नग पर चल रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मंदी

अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त संकेतों के चलते अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में कारोबार बेहद सुस्त बना हुआ है। फेड अधिकारियों ने लगातार बनी हुई महंगाई की चिंताओं के बीच ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। कामेक्स पर सोना वायदा 6 डॉलर टूटकर 3,867 डॉलर प्रति औंस और चांदी वायदा 37 सेंट घटकर 47.43 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई। कामेक्स पर सोने का वायदा ऊपर में 3,886 डॉलर और नीचे में 3,843 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी का वायदा ऊपर में 48.00 डॉलर और नीचे में 46.81 डॉलर प्रति औंस के बीच रहा।

विवाह सीजन में गहनों की अच्छी ग्राहकी

ज्वेलर्स का कहना है कि बाजार गिरने से गहनों में अच्छी ग्राहकी देखने को मिल रही है। सराफा बाजार और शोरूमों पर लग्नसरा वालों की भरपूर खरीदारी देखी जा रही है। फेड अध्यक्ष केविन वार्श की टिप्पणी से पहले बाजार सतर्क बना हुआ है, इसलिए आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा को लेकर कारोबारी बारीकी से नजर रखे हुए हैं। हालांकि, चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा लगातार सोना खरीदने से बाजार को कुछ सहारा मिला है। अक्टूबर में चीन का स्वर्ण भंडार बढ़कर 78.3 मिलियन फाइन ट्राय औंस हो गया, जो लगातार 24 महीनों से जारी खरीदारी को दर्शाता है।

खरीदारी से पहले जान लें ये बातें

सोना खरीदते समय बीआईएस हॉलमार्क और एचयूआईडी कोड जरूर जांचें। असली हॉलमार्क वाली ज्वेलरी पर चार चीजें होती हैं — बीआईएस का लोगो, शुद्धता (कैरेट), 6 अंकों का एचयूआईडी नंबर और ज्वेलर का मार्क। 24 कैरेट पर 999, 22 कैरेट पर 916 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है। ध्यान रहे, ऊपर दी गई कीमतों में जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे शुल्क शामिल नहीं हैं, इसलिए शोरूम से आभूषण खरीदते समय कीमतों में अंतर दिख सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments