back to top
Wednesday, November 18, 2026
Homeव्यापारMP में 2 लाख सरकारी भर्तियां, AI-सेमीकंडक्टर में निवेश: CM की घोषणा

MP में 2 लाख सरकारी भर्तियां, AI-सेमीकंडक्टर में निवेश: CM की घोषणा

मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए सोमवार को खंडवा से बड़ी खुशखबरी आई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर आयोजित सभा में कहा कि राज्य में करीब दो लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और रेडीमेड गारमेंट जैसे नए क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के बड़े अवसर बनने की बात भी कही। मुख्यमंत्री का कहना था कि युवा अब सिर्फ नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।

MP में 2 लाख सरकारी भर्तियां, AI-सेमीकंडक्टर में निवेश: CM की घोषणा

85 हजार भर्तियां हो चुकीं, MPPSC परीक्षा अब साल में दो बार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 85 हजार से अधिक नई भर्तियां पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं अब वर्ष में दो बार आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं को अवसर जल्दी और नियमित रूप से मिल सकेंगे। निमाड़ सहित पूरे प्रदेश में उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं। एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में युवा अपना काम शुरू कर सकेंगे, जबकि सरकारी क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर भर्तियां होने जा रही हैं।

आदिवासी युवाओं को अफसर बनाने के लिए 20 करोड़ का पैकेज

आदर्श महाविद्यालय के स्टेडियम ग्राउंड पर हुए कार्यक्रम में जनजातीय कार्यमंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इंदौर में जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों को अधिकारी बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण पैकेज के तहत 20 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस पैकेज से अगले साल से सौ-सौ जनजातीय युवक-युवतियों को उत्कृष्ट स्तर की कोचिंग दी जाएगी। जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय भाइयों के सम्मान में मनाया जाता है, और शासन सभी वर्गों का सम्मान करने के साथ ही विकास करना भी जानती है।

नर्मदा जल से निमाड़ में बढ़ा उत्पादन, बिजली 24 हजार मेगावाट

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा जल से पेयजल संकट दूर हुआ है और निमाड़ क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ने से फसल उत्पादन में इजाफा हुआ है। यहां की मिर्च, सब्जियां और फल-फूल अब दूसरे क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। प्रदेश में बिजली उत्पादन पांच हजार मेगावाट से बढ़कर 24 हजार मेगावाट हो गया है, और आने वाले दो वर्षों में इसे 32 हजार मेगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 16.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नगर निगम के आधुनिक भवन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन आदिवासी समाज के लिए कोई काम नहीं हुआ, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली बार आदिवासी राष्ट्रपति मिला।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments