रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ ने बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली तीसरी बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। रिलीज के 13वें दिन यानी मंगलवार, 17 नवंबर को फिल्म ने यह कीर्तिमान रच दिया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म मंगलवार को दोपहर 3 बजे तक भारत में 9.25 करोड़ रुपये कमा चुकी थी। इसी के साथ ‘रामायण’ का भारत में नेट कलेक्शन 801.85 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई थी और पहले ही दिन इसने दुनियाभर में 155 करोड़ रुपये कमाए थे।

अब आगे सिर्फ धुरंधर और धुरंधर 2
भारत में नेट कलेक्शन के मामले में अब ‘रामायण’ से आगे सिर्फ ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ही हैं। रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ 1,149.30 करोड़ रुपये की कमाई के साथ भारत में सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म है, जबकि ‘धुरंधर’ दूसरे नंबर पर है और उसकी कमाई 840.20 करोड़ रुपये हुई थी। ‘रामायण’ की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए उसके लिए ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ना काफी आसान नजर आ रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही ‘रामायण’, ‘धुरंधर’ को पीछे छोड़कर भारत में दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन जाएगी। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में हैं।
वर्ल्डवाइड 1437 करोड़, सबसे तेज 1400 करोड़
भारत में जहां ‘रामायण’ की कमाई 800 करोड़ के पार हो चुकी है, तो वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 12 दिनों में 1,437.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे तेज 1400 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली फिल्म बन गई है। सिर्फ 12 दिनों में यह मुकाम हासिल करके ‘रामायण’ ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘धुरंधर 2’ ने 12 दिनों के अंत तक दुनियाभर में 1394 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘पुष्पा 2’ ने 1335 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म ने आठ दिनों में ही दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। इसके साथ ही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है।
दूसरे सोमवार को भी 32 करोड़ की कमाई
‘रामायण’ ने अपने 12वें दिन यानी दूसरे सोमवार को भी दमदार प्रदर्शन किया। फिल्म ने दूसरे सोमवार को सभी भाषाओं को मिलाकर 32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। यह आंकड़ा रविवार की 75 करोड़ रुपये की कमाई के मुकाबले करीब 57 प्रतिशत कम है, लेकिन दूसरे हफ्ते के वीकडे में भी डबल डिजिट में कमाई करना फिल्म की मजबूती को दिखाता है। 12वें दिन फिल्म के देशभर में कुल 22,395 शो हुए, जिनमें हिंदी वर्जन के 17,768 शो थे। हिंदी वर्जन ने अकेले 23.75 करोड़ रुपये की कमाई की। त्योहार खत्म होने के बाद कमाई में गिरावट के बावजूद फिल्म की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है।
ओवरसीज में भी नंबर वन
‘रामायण’ ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कब्जा कर लिया है। फिल्म चीन को छोड़कर विदेशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। विदेशों में फिल्म ने 51.75 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली है। महज 11 दिनों के भीतर यह कारनामा करके फिल्म ने ‘धुरंधर 2’, ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘बाहुबली 2’ के पहले फेज के ओवरसीज रिकॉर्ड्स को तोड़ दिया है। 12वें दिन फिल्म ने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ रुपये छापे। भारत में अब तक फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 947.25 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि नेट कलेक्शन 792.60 करोड़ रुपये था, जो 13वें दिन 800 करोड़ के पार चला गया। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 में रिलीज किए जाने की उम्मीद है।
भारत में सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्में
भारत में नेट कलेक्शन के हिसाब से सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में ‘पुष्पा 2’ 1,234.10 करोड़ रुपये के साथ सबसे ऊपर है। उसके बाद ‘धुरंधर 2’ 1,149.30 करोड़, ‘बाहुबली 2’ 1,030.42 करोड़, ‘केजीएफ 2’ 859.70 करोड़ और ‘धुरंधर’ 840.20 करोड़ रुपये के साथ आते हैं। ‘रामायण’ अब 801.85 करोड़ रुपये के साथ इस सूची में छठे नंबर पर पहुंच गई है। उसके बाद ‘आरआरआर’ 782.20 करोड़, ‘कल्कि 2898 एडी’ 646.31 करोड़, ‘जवान’ 640.25 करोड़ और ‘पठान’ 622.48 करोड़ रुपये के साथ आती हैं। ‘रामायण’ की रफ्तार को देखते हुए यह सूची में और ऊपर जाने की पूरी तैयारी में है।

