भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ’ के तहत सोमवार, 17 नवंबर को उज्जैन में पदयात्रा आयोजित की गई। शहीद पार्क पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का बचाव करते हुए कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति और राहुल गांधी की कार्यशैली पर निशाना साधा।

कांग्रेस ने 90 सरकारें गिराईं, 100 बार संविधान संशोधन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मोदी सरकार को 12 साल हो गए हैं, लेकिन भाजपा ने कभी किसी चुनी हुई सरकार को नहीं गिराया। इसके उलट कांग्रेस ने अपने शासनकाल में 90 सरकारें गिराईं। उन्होंने इसे कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास का पाप बताते हुए कहा कि लोकतंत्र पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने अतीत का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का भी जिक्र किया। आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में करीब 100 बार संविधान में संशोधन किया और वही पार्टी संविधान की किताब लेकर लोकतंत्र खतरे में होने की बात कर रही है।
चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर सवाल
मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग और सही मतदाता सूची दोनों जरूरी हैं। सूची में मृत व्यक्तियों के नाम नहीं होने चाहिए और एक व्यक्ति का नाम पांच जगह के बजाय एक ही जगह दर्ज होना चाहिए। जब मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया होती है तो कांग्रेस सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि केरल में चुनावी जीत मिलने पर चुनाव प्रक्रिया सही और बंगाल में हारने पर गलत बताना कांग्रेस की दोहरी नीति को स्पष्ट करता है।
सुई-छलनी का उदाहरण, राहुल गांधी पर तंज
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने सुई और छलनी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि दूसरों की कमियां निकालने से पहले खुद के भीतर झांकना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 56 इंच वाले मोदी को जहां बुलाओगे, वहां जाकर वह बोलेंगे। प्रधानमंत्री अपना पूरा जीवन देश सेवा में लगाने का संकल्प ले चुके हैं, ऐसे में वह राहुल गांधी के लिए अपना समय क्यों लगाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को अपना समय नहीं देंगे नरेंद्र मोदी।
विक्रमादित्य से जोड़ा लोकतंत्र, 2028-29 का दावा
मुख्यमंत्री ने उज्जैन के ऐतिहासिक गौरव का उल्लेख करते हुए सम्राट विक्रमादित्य को लोकतंत्र की लड़ाई से जोड़ा। उन्होंने कहा कि 2000 साल पहले इसी भूमि से सम्राट विक्रमादित्य ने लोकतंत्र की लड़ाई प्रारंभ की थी। उनके न्याय, दानशीलता, वीरता और गंभीरता जैसे गुणों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ने की चुनौती दी और कहा कि सरकारें नेताओं की इच्छा से नहीं बल्कि जनता के मन से बनती हैं। जनता ही पांच साल के लिए सरकार चुनती है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2028 और लोकसभा चुनाव 2029 में लिखकर देता हूं कि भाजपा सरकार बनेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे।

