मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपाष्टमी के मौके पर सोमवार, 17 नवंबर को नीमच जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मनासा की कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 271.99 करोड़ रुपये की लागत वाले 111 विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क, पुल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, छात्रावास, गौशाला और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े काम शामिल हैं। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री का मनासा में भव्य रोड शो निकला, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़े और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

नीमच-मंदसौर बनेगा बड़ा औद्योगिक हब
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच और मंदसौर जिले को इंडस्ट्रियल पार्क की सौगात मिलने जा रही है। इससे यह पूरा क्षेत्र देश के बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा। औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने चीता परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके कारण नीमच-मंदसौर क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बनाएगा। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने ग्रीनको कंपनी के प्रोजेक्ट को भी महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस परियोजना से 1920 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा, जिससे मध्य प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और प्रदेश ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा।
सड़कों और पुलों पर 124.87 करोड़ रुपये
नीमच जिले में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 124.87 करोड़ रुपये की लागत से 13 सड़क निर्माण और मजबूतीकरण के कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा नगर पालिका नीमच की ओर से 1.10 करोड़ रुपये की लागत से चांदीपुरा एप्रोच से श्याम बुद्धिन दरगाह तक सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (भवन) के तहत 21.82 करोड़ रुपये की लागत से आठ अन्य निर्माण कार्य भी किए जाएंगे। इनमें शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जहां फर्नीचर, एसी, वॉल पैनल, ग्रीन हाउस, साउंड सिस्टम और इलेक्ट्रिकल से जुड़े काम होंगे। इसके अलावा जावद सब-जेल में जी+1 ड्यूप्लेक्स ब्लॉक आवास गृह बनाया जाएगा और नीमच में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास क्रमांक-3 का निर्माण भी प्रस्तावित है।
मंदिर, शिक्षा और ग्रामीण विकास के काम
धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिले के प्रसिद्ध श्री भादवामाता मंदिर परिसर में कई निर्माण कार्य किए जाएंगे। यहां शेड और पार्किंग का निर्माण होगा, साथ ही मंदिर परिसर में 70 दुकानें बनाई जाएंगी और शिखर का निर्माण भी कराया जाएगा। सामनवती में नेताजी सुभाषचंद्र बोस 50 सीटर बालिका छात्रावास बनाया जाएगा। किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा देने के लिए जल संसाधन विभाग की ओर से नौ करोड़ रुपये की लागत से दो लघु सिंचाई परियोजनाओं पर काम होगा। वहीं, लोक निर्माण विभाग (सेतु) के तहत 4.95 करोड़ रुपये की लागत से मनासा में सीतामऊ रोड के नाले पर उच्चस्तरीय पुल बनेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 32.89 करोड़ रुपये की लागत से छह विकास कार्य किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के तहत नई गौशालाओं का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में अतिरिक्त कक्ष तथा प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी और नीमच, जावद व मनासा विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण होगा। मध्य प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की ओर से 42.24 करोड़ रुपये की लागत से 30 ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। मनासा नगर परिषद के अंतर्गत 5.71 करोड़ रुपये की लागत से आरएलबी चौराहे पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेगा और स्विमिंग पूल के निर्माण की योजना भी शामिल है। शिक्षा विभाग की ओर से 5.80 करोड़ रुपये की लागत से चार कार्य किए जाएंगे, जिनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरवानिया महाराज और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी खवासा में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी।
स्वास्थ्य सुविधाएं और किसानों को मदद
जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत 17.04 करोड़ रुपये की लागत से जिला चिकित्सालय में 50 बिस्तरों वाला क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक बनाया जाएगा। इससे गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी। जनपद पंचायत मनासा के अंतर्गत 6.57 करोड़ रुपये की लागत से 43 विकास कार्य कराए जाएंगे, जिनमें अलग-अलग ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन, सीसी रोड, सीसी नाली, सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक भवन और कम्युनिटी हॉल-डोम का निर्माण शामिल है। अमृत सरोवर 2.0 योजना के तहत डोडर ब्लॉक, बारबड़िया, मंजिरिया, चिकली ब्लॉक और फूलपुरा में पांच कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व पुस्तक परिपत्र के भाग 6-4 के प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक पक्की सड़कें, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाना है और विकास योजनाओं को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखा जाएगा।

