इंदौर के सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई कमजोरी का असर सीधे इंदौर के भावों पर पड़ा। शुक्रवार को इंदौर में सोना केडबरी 1000 रुपये टूटकर 1,40,000 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी चौरसा 3000 रुपये लुढ़ककर 1,81,800 रुपये प्रति किलो रह गई। कीमतें घटने के बावजूद बाजार में ग्राहकी सीमित बनी हुई है और खरीदार अभी भी बड़ी खरीदारी से परहेज कर रहे हैं।
![]()
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्यों आई गिरावट
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को देर शाम तक अंतरराष्ट्रीय बुलियन वायदा बाजार में सटोरियों और निवेशकों की मुनाफावसूली की बिकवाली का दबाव बना रहा। तेल की कीमतों में उछाल के कारण महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ गईं और ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की उम्मीदें मजबूत हुईं। इसी वजह से कामेक्स पर सोना वायदा 53 डॉलर टूटकर 3897 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी वायदा 110 सेंट घटकर 50.01 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर में आज के बंद भाव
इंदौर के बंद भावों की बात करें तो सोना केडबरी रवा नकद में 1,40,000 रुपये, सोना आरटीजीएस में 1,35,950 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट 1,24,600 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) प्रति दस ग्राम बोला गया। गुरुवार को सोना 1,41,000 रुपये पर बंद हुआ था। चांदी चौरसा 1,81,800 रुपये, चांदी आरटीजीएस 1,76,300 रुपये और चांदी टंच 1,81,800 रुपये प्रति किलो के भाव बोले गए। चांदी सिक्का 2250 रुपये प्रति नग के भाव पर रहा। गुरुवार को चांदी चौरसा 1,84,800 रुपये पर बंद हुई थी।
ब्याज दरों को लेकर बढ़ी चिंता
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी का समर्थन किया है। चूंकि महंगाई अभी भी केंद्रीय बैंक के दो फीसदी के लक्ष्य से ऊपर है, इसलिए वे धीरे-धीरे सख्ती बढ़ाने के पक्ष में हैं। ऊंची ब्याज दरों का माहौल आमतौर पर सोने के लिए नकारात्मक माना जाता है, क्योंकि इससे डॉलर मजबूत होता है और सोने में निवेश का आकर्षण घटता है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी पर दबाव बना हुआ है।
बड़े बैंकों के अनुमान क्या कहते हैं
नीतिगत संकेतों को देखते हुए गोल्डमैन सैक्स ने 2026 के अंत के लिए सोने की कीमत का अपना अनुमान 4,650 डॉलर प्रति औंस से घटाकर 4,150 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। बैंक ने 2027 के अंत के लिए अनुमान भी 5,400 डॉलर से घटाकर 4,800 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। वहीं, सिटी बैंक ने 0 से 3 महीने के लिए 4,500 डॉलर प्रति औंस और 6 से 12 महीने के लिए 5,000 डॉलर प्रति औंस का लक्ष्य रखा है। कामेक्स वायदा पर सोना 3897 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि ऊपर में वायदा 3923 डॉलर और नीचे में 3874 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। चांदी वायदा 50.01 डॉलर प्रति औंस पर रही, ऊपर में 50.78 डॉलर और नीचे में 49.58 डॉलर प्रति औंस का स्तर देखा गया।
खरीदारों के लिए क्या संकेत
लगातार गिरावट के बाद भी इंदौर के बाजार में ग्राहकी सीमित है। जानकारों का कहना है कि शनिवार और रविवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज और बुलियन एसोसिएशन की ओर से नए रेट जारी नहीं होते, इसलिए शुक्रवार के भाव ही सप्ताहांत में मान्य रहेंगे। सोना-चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों को सलाह दी जाती है कि वे खरीदारी से पहले स्थानीय ज्वैलर से ताजा भाव की पुष्टि जरूर करें, क्योंकि वायदा भाव, बेंचमार्क रेट और खुदरा भाव में अंतर हो सकता है।

