इंदौर के सराफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई नरमी और अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों के दबाव का सीधा असर स्थानीय बाजार पर पड़ा। सोना एक ही दिन में 2,800 रुपये सस्ता हो गया, जबकि चांदी में 4,900 रुपये की भारी गिरावट आई। कीमतों में इस नरमी से शादी-ब्याह की खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों को कुछ राहत मिली है।
![]()
सोना 1,41,000 और चांदी 1,84,800 रुपये पर
आज इंदौर सराफा बाजार में सोना केडबरी 2,800 रुपये टूटकर 1,41,000 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर आ गया। चांदी चौरसा भी 4,900 रुपये लुढ़ककर 1,84,800 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी। ऑल इंडिया बुलियन के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इंदौर में 24 कैरेट सोना 14,084 रुपये प्रति ग्राम यानी 1,40,841 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। गहनों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला 22 कैरेट सोना 12,901 रुपये प्रति ग्राम यानी 1,29,010 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा, जबकि 18 कैरेट सोना 10,563 रुपये प्रति ग्राम पर बोला गया। 999 शुद्ध चांदी का भाव 1,86,288 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
नकद और आरटीजीएस भावों में भी नरमी
स्थानीय बाजार में नकद के साथ-साथ आरटीजीएस भावों में भी नरमी रही। सोना आरटीजीएस में 1,37,300 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,25,850 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। ये भाव जीएसटी के अतिरिक्त हैं। चांदी आरटीजीएस 1,79,450 रुपये प्रति किलो पर रही, जबकि चांदी का सिक्का 2,300 रुपये प्रति नग के भाव पर बोला गया। बता दें कि गुरुवार को सोना केडबरी 500 रुपये टूटकर 1,43,800 रुपये पर बंद हुआ था और दो दिन में सोना करीब 1,400 रुपये सस्ता हुआ था। इस तरह पिछले तीन कारोबारी दिनों में सोने में कुल 4,200 रुपये से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट क्यों आई?
विदेशी बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल 2.68 फीसदी चढ़कर 93.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इसके साथ ही अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों ने भी निवेशकों की धारणा पर दबाव बनाया है। कॉमेक्स पर सोना वायदा 100 डॉलर टूटकर 3,950 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जिसका ऊपरी स्तर 4,000 डॉलर और निचला स्तर 3,925 डॉलर रहा। इसी तरह चांदी वायदा 185 सेंट घटकर 51.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। अंतरराष्ट्रीय बाजार की इसी नरमी का असर भारतीय सराफा बाजार पर भी देखने को मिला है।
वैवाहिक सीजन से डिमांड की उम्मीद
ज्वेलर्स के अनुसार, घटे हुए दामों पर फिलहाल ग्राहकी थोड़ी सुस्त है, लेकिन आने वाले दिनों में वैवाहिक सीजन की जोरदार डिमांड निकलने की पूरी उम्मीद है। सोने-चांदी के भाव नीचे आने से शादी के लिए खरीदारी करने वाले परिवारों को फायदा मिल सकता है। बाजार जानकारों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बना रहा तो कीमतों में और नरमी आ सकती है, वहीं वैवाहिक मांग बढ़ने पर भावों को सहारा भी मिल सकता है। ग्राहकों को सलाह है कि खरीदारी से पहले अपने ज्वेलर से ताजा भाव जरूर जांच लें, क्योंकि बताए गए भावों में जीएसटी और मेकिंग चार्ज शामिल नहीं हैं।

