आखिरी गेंद पर पाकिस्तान से छीना कप — कभी बंदूकों की गूंज और बीहड़ों के खौफ से पहचानी जाने वाली चंबल की धरती पर अब क्रिकेट के बल्ले से इतिहास लिखा जा रहा है। एसीसी अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक जीत में मुरैना के मनल चौहान ने ऐसा दम दिखाया कि पूरा चंबल गर्व से झूम उठा। मनल ने 32 गेंदों में 47 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम योगदान दिया।

338 रन के लक्ष्य का पीछा
शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे और हार करीब दिख रही थी। लेकिन मनल चौहान ने मोहित उल्वा के साथ नौवें विकेट के लिए महज 35 गेंदों में 57 रनों की निर्णायक साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया। मनल ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए और 146.88 के स्ट्राइक रेट से 47 रन बनाए।
मोहित ने आखिरी गेंद पर लगाया चौका
भारत की पारी में राजेश रायचंदानी ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन बनाए थे। मनल के आउट होने के बाद मोहित उल्वा ने 49 रन की नाबाद पारी खेली और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को खिताब दिला दिया। मुकाबले का रोमांच आखिरी गेंद तक बना रहा। इस जीत के साथ भारत ने नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की।
मुरैना में संघर्ष और मेहनत की कहानी
मनल की इस उपलब्धि के पीछे मुरैना में बिताए संघर्ष और मेहनत के कई साल हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के नगला जुला गांव के निवासी हैं, लेकिन पांचवीं कक्षा से ही मुरैना में अपनी नानी प्रमिला चौहान के घर गोपालपुरा में रहने लगे थे। यहीं पढ़ाई के साथ उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और धूल भरे मैदानों पर लगातार अभ्यास से अपनी प्रतिभा को निखारा।
कोच और एसोसिएशन का भरोसा
मनल को क्रिकेट की बारीकियां सिखाने वाले कोच राजेश तोमर ने बताया कि जब मनल उनके पास आए थे तो वह 11-12 साल के थे और शुरू से ही बेहद अनुशासित और क्रिकेट के प्रति जुनूनी खिलाड़ी रहे हैं। चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन ने मनल की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया। इसके बाद उनका खेल ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन तक पहुंचा और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाई।
चंबल के युवाओं के लिए प्रेरणा
चंबल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव तस्लीम खान ने कहा कि मनल की इस उपलब्धि से पूरे मुरैना और चंबल अंचल का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 32 गेंदों पर 47 रनों की विस्फोटक पारी खेलने वाले मनल अब आईपीएल 2027 की नीलामी में भी सुर्खियां बटोर सकते हैं। उनकी नानी प्रमिला चौहान ने कहा कि मनल से फोन पर बात हुई है और उन्होंने मुरैना आकर स्वागत कराने का वादा किया है। मुरैना में शुरू हुआ उनका क्रिकेट का सफर अब एशिया कप के फाइनल तक पहुंच चुका है और पूरा चंबल उनके लिए जश्न मना रहा है।

