विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी दिल्ली की इंद्रप्रस्थ रामलीला के मुख्य अतिथि होंगे। आईपी एक्सटेंशन के DDA ग्राउंड में आयोजित इस रामलीला में इस बार रावण दहन का संदेश भी खास होगा — इस बार का रावण आज की बुराइयों का प्रतीक बनेगा। रावण का पुतला नकली दवाओं और MRP के नाम पर उपभोक्ताओं से हो रही कथित लूट का प्रतीक होगा।

25 साल से हो रहा है आयोजन
रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ पिछले 25 सालों से यह कार्यक्रम आयोजित करती आ रही है। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए रामलीला स्थल पर विशेष मंच की व्यवस्था की गई है। साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए भी उचित इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री करेंगी स्मारिका का विमोचन
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रामलीला मंच से कमेटी की स्मारिका-2026 का विमोचन करेंगी। इस स्मारिका में क्षेत्र के 47 एनजीओ का विवरण, सामाजिक कार्यकर्ताओं का परिचय और रामलीला से जुड़े लेख शामिल हैं। आयोजन समिति के लिए यह स्मारिका हर साल एक महत्वपूर्ण परंपरा है।
ट्रैफिक पुलिस का खास इंतजाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 20 अक्टूबर को दशहरा समारोह के चलते पूर्वी दिल्ली में भीड़ और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार NH-24, रोड नंबर 57, रोड नंबर 57A, रोड नंबर 56 और विकास मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था जरूर देख लें।
नोएडा में भी डायवर्जन
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने भी रामलीला मैदानों के आसपास कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकने और कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की योजना बनाई है। 20 और 21 अक्टूबर को मूर्ति विसर्जन के दौरान भी कई रास्तों पर बदलाव रहेगा। ऐसे में गलत रास्ते पर जाने से बचने के लिए पहले ही जान लें कि कहां रोक रहेगी और किन वैकल्पिक रास्तों से जाया जा सकता है।

