मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का रोमांच शुरू होने जा रहा है। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट में छह देशों की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। सभी मुकाबले नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नए हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। मेजबान भारत मौजूदा चैंपियन है और लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतकर रिकॉर्ड चौथा खिताब अपने नाम करना चाहेगा।

पहले दिन तीन मुकाबले, भारत-मलेशिया शाम 4:45 बजे
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ से अनुमोदित इस प्रतियोगिता के पहले दिन तीन लीग मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआत दोपहर 12:15 बजे चीन और थाईलैंड के मैच से होगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे जापान और कोरिया आमने-सामने होंगे। दिन का तीसरा मुकाबला शाम 4:45 बजे भारत और मलेशिया के बीच खेला जाएगा। पहले दिन के मैचों के समय में बदलाव किया गया है — चीन और थाईलैंड का मुकाबला पहले दोपहर एक बजे निर्धारित था। बुधवार सुबह थाईलैंड की टीम भोपाल पहुंची, एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का तिलक लगाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
भारत के पांच लीग मैच, पहला मलेशिया से
भारतीय टीम लीग चरण में पांच मैच खेलेगी। उसका पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया से होगा। इसके बाद 21 नवंबर को कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ंत होगी। पहले मुकाबले को छोड़कर भारत के बाकी चारों लीग मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे। मेजबान भारत ने अपने मैचों के लिए शाम 7 बजे का समय मांगा था। भारतीय टीम की कप्तानी मिडफील्डर सलीमा टेटे संभाल रही हैं। अभ्यास मैच में भारत ने सोमवार को जापान को 4-1 से हराया था, जिसमें पूजा साहू ने दो गोल दागे थे।
27 को पोजिशन के मुकाबले, 28 को फाइनल
लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को पूरे हो जाएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की अंतिम पोजिशन के आधार पर तीन मैच खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें खेलेंगी, जबकि शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों का सामना होगा। टूर्नामेंट का अंतिम दिन 28 नवंबर होगा। इस दिन शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल के लिए मैच खेला जाएगा, वहीं शाम 7 बजे गोल्ड मेडल मुकाबले में दोनों फाइनलिस्ट टीमें आमने-सामने होंगी।
रैंकिंग में चीन आगे, भारत सातवें स्थान पर
प्रतियोगिता में शामिल छह टीमों की विश्व रैंकिंग में चीन सबसे आगे है। चीन चौथे, भारत सातवें, जापान 11वें, कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में भी चीन पहले स्थान पर है, जबकि भारत दूसरे नंबर पर है। जापान तीसरे, कोरिया चौथे, मलेशिया पांचवें और थाईलैंड छठे स्थान पर है। भारत ने 2016, 2023 और 2024 में यह खिताब जीता है और इस बार घरेलू मैदान पर चौथी बार चैंपियन बनने का मौका है।
भोपाल के लिए बड़ी मेजबानी, दर्शकों को फ्री एंट्री
भोपाल के लिए यह टूर्नामेंट बड़ी मेजबानी का मौका है। नाथू बरखेड़ा में करीब 137 एकड़ जमीन पर विकसित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ से कैटेगरी-1 सर्टिफिकेशन भी मिला है। 19 नवंबर को टूर्नामेंट के शुभारंभ के अवसर पर खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण भी किया जाएगा। हॉकी इंडिया ने सभी मैचों में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखने की घोषणा की है, हालांकि स्टेडियम में जाने के लिए डिजिटल पास लेना जरूरी होगा।

