भारत और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। पहले टेस्ट से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया की रणनीति का खुलासा किया। गिल ने साफ कर दिया कि भारतीय टीम इस सीरीज में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि प्लेइंग-11 में किन चार गेंदबाजों को जगह मिलेगी। गिल ने यह भी बताया कि टीम सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ मैदान पर उतरने की योजना बना रही है। बीसीसीआई ने सोमवार को बेसिन रिजर्व की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पहले टेस्ट की तैयारियां पूरी हैं।

बुमराह की वापसी से मजबूत पेस अटैक
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई जसप्रीत बुमराह करेंगे, जिनकी वापसी से टीम को बड़ी मजबूती मिलेगी। हालिया वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को भी टीम में बरकरार रखा गया है। तेज गेंदबाजी के विकल्पों में आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, अंशुल कंबोज ने भी टीम की तैयारियों के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का ध्यान खींचा है। स्पिनर कुलदीप यादव को टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया गया है, ताकि वह घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की ओर से खेल सकें। ऐसे में रवींद्र जडेजा टीम के इकलौते स्पिनर हो सकते हैं और वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
पंत की फिटनेस और फॉर्म पर गिल का भरोसा
कप्तान शुभमन गिल ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंत को लेकर टीम में कोई असमंजस नहीं है। पंत 50 टेस्ट खेल चुके हैं और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया में उनके नाम टेस्ट शतक भी है। गिल ने बल्लेबाजी संयोजन को लेकर कहा कि टीम सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ खेलने की योजना बना रही है। आठवें और नौवें नंबर पर कौन होगा, यह देखना होगा। आकाश दीप और अंशुल कंबोज दोनों बल्लेबाजी कर सकते हैं, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्लेबाजी का विकल्प हैं।
वेलिंगटन की हवा और पिच का मिजाज
गिल ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को तेज गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वेलिंगटन में तेज हवाओं का असर बल्लेबाजों से ज्यादा गेंदबाजों पर पड़ता है। हवा के विपरीत गेंदबाजी करने पर तेज गेंदबाजों की काफी ऊर्जा खर्च होती है, इसलिए टीम को गेंदबाजी संयोजन चुनते समय इस पहलू का भी ध्यान रखना होगा। कप्तान के मुताबिक, न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच को दो हिस्सों में बांटकर देखना चाहिए। शुरुआती दो दिनों में गेंद से मूवमेंट मिल सकता है, जबकि तीसरे दिन से पिच सपाट होने लगती है। ऐसे में टीम को ऐसे गेंदबाज की जरूरत होगी, जो पिच पर गेंद पटककर अतिरिक्त उछाल हासिल कर सके। प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार इस भूमिका में फिट बैठते हैं, हालांकि गुरनूर का प्लेइंग-11 में खेलना अभी तय नहीं है।
WTC फाइनल की दौड़ में अहम सीरीज
भारत ने इस टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियों में भी बदलाव किया है। टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों को वनडे असाइनमेंट से पहले ही हटा लिया गया था, ताकि उन्हें न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में ढलने और लंबे फॉर्मेट की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। गिल ने कहा कि अगर भारतीय टीम ये दोनों टेस्ट जीत लेती है तो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की उसकी संभावना काफी अच्छी होगी। इसी वजह से खिलाड़ियों को वनडे से हटाया गया था, ताकि उन्हें तैयारी का पूरा मौका मिल सके। भारतीय टीम की पहली चुनौती शुरुआती दिनों में न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और गेंद की मूवमेंट से निपटने की होगी।
न्यूजीलैंड को सेंटनर का झटका
सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर दाएं हाथ में फ्रैक्चर के कारण दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सिर्फ एक टेस्ट मैच खेलने वाले ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार है — शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार। पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा।

