back to top
Wednesday, November 18, 2026
Homeखेलइंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप: सीएम मोहन यादव ने किया मुख्य दौर...

इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप: सीएम मोहन यादव ने किया मुख्य दौर का उद्घाटन

इंदौर के ऐतिहासिक यशवंत क्लब में सोमवार को वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 के मुख्य दौर का भव्य शुभारंभ हुआ। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद शॉट खेलकर टूर्नामेंट के मुख्य दौर का श्रीगणेश किया। इस मौके पर दुनियाभर से आए खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आयोजक मौजूद रहे। मुख्य दौर के मुकाबले मंगलवार से शुरू हो रहे हैं, जिनमें खिताब के लिए 48 खिलाड़ियों के बीच असली जंग देखने को मिलेगी। भारतीय बिलियर्ड्स और स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी इंदौर को मिली है, जो शहर और प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

35 देशों के 150 से ज्यादा खिलाड़ी

इस विश्व चैंपियनशिप में करीब 35 देशों के 150 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। क्वालीफाइंग दौर से कुल 24 खिलाड़ियों ने मुख्य दौर में प्रवेश किया है, जिनमें आठ विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारत के 13 खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए मुख्य दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है, जिनमें लक्ष्मण रावत और शोएब खान के नाम भी शामिल हैं। मुख्य दौर में कुल 48 खिलाड़ी खिताब के लिए भिड़ेंगे। भारत के सबसे बड़े स्नूकर स्टार और कई बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी मंगलवार से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। उनके साथ सौरव कोठारी, ब्रजेश दम्मानी और केतन चावला जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ी भी देश-दुनिया के नामी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देते नजर आएंगे। महिला वर्ग में इंदौर की अपनी स्टार खिलाड़ी अमी कमानी भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी।

स्नूकर एकेडमी के लिए जमीन देगी सरकार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में कहा कि किसी भी संस्था के लिए 100 वर्ष का सफर पूरा करना गौरवशाली क्षण होता है। वर्ष 1926 में भारतीय बिलियर्ड्स-स्नूकर महासंघ की स्थापना हुई थी और इसी गौरवशाली क्षण को साझा करने के लिए हम सब यहां एकत्रित हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स-स्नूकर संघ को इस खेल को बढ़ावा देने के लिए जमीन की जरूरत है तो सरकार एकेडमी स्थापित करने के लिए कहीं भी जमीन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष की स्मारिका का भी विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, महासंघ के महासचिव सुनील बजाज, मध्य प्रदेश संघ के अध्यक्ष भोलू मेहता, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र जैन तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीत सेठी और पंकज आडवाणी मौजूद थे।

तीन दिन में दो बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं और प्रदेश सरकार भी इसमें पीछे नहीं रहने वाली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन दिन के भीतर दो बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन हो रहे हैं। पहला आयोजन इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के रूप में शुरू हो गया है, जबकि दूसरा आयोजन 19 नवंबर से भोपाल में शुरू हो रही नौवीं महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर भोपाल में होने वाले हॉकी टूर्नामेंट का न्यौता भी दिया। उन्होंने कहा कि पहले ओलिंपिक में टीम जाती थी तो हॉकी में पदक आ गया तो ठीक है, लेकिन अब विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। नई शिक्षा नीति के बाद खेल को विषय के रूप में जोड़ा गया है, ताकि खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को उचित अवसर उपलब्ध हों।

मंच से मजाकिया अंदाज में कही बड़ी बात

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से मजाकिया अंदाज में कहा कि राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच उन्हें तीन साल बाद पता चला कि जिस संस्था में वह खड़े हैं, वहां के पदेन चेयरमैन वह खुद ही हैं। दरअसल, यशवंत क्लब में मुख्यमंत्री पदेन चेयरमैन होते हैं। उनकी इस बात पर सभागार में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में ही स्नूकर खेल का जन्म हुआ था और अब 100 साल बाद इसी धरती पर विश्व चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। युद्ध में घिरे ईरान के खिलाड़ियों को भी यहां मुस्कुराते हुए देखकर यह साफ हो जाता है कि खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि दुनिया को जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments