back to top
Tuesday, November 24, 2026
Homeराज्यभोपाल: गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग पर किसानों का...

भोपाल: गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग पर किसानों का धरना, दोपहर 2 बजे तक अल्टीमेटम

मध्य प्रदेश में गन्ने की कीमत बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने भोपाल में मोर्चा खोल दिया है। नरसिंहपुर जिले से आए किसान होशंगाबाद रोड पर वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर धरना दे रहे हैं। किसानों ने सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे गुजारी और मंगलवार दोपहर दो बजे तक मांगों पर फैसला न होने की स्थिति में मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने की चेतावनी दी है।

भोपाल किसान आंदोलन

खुले आसमान के नीचे गुजारी रात

किसान नेता राकेश धाकड़ के मुताबिक आंदोलन में शामिल किसानों ने अपने स्तर पर भोजन की व्यवस्था की और पूरी रात खुले आसमान के नीचे बिताई। किसान नेता प्रतीक शर्मा का कहना है कि नरसिंहपुर जिले से बड़ी संख्या में गन्ना उत्पादक किसानों के भोपाल पहुंचने की संभावना है। किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगों पर सरकार से ठोस निर्णय चाहते हैं और बिना फैसले के धरना खत्म नहीं करेंगे।

600 रुपये भाव और बोनस की मांग

किसानों का कहना है कि गन्ने की खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि मौजूदा कीमत उसके मुकाबले पर्याप्त नहीं है। किसान गन्ने का भाव मौजूदा 400 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। किसानों के मुताबिक सरकार की ओर से 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव देने की बात कही जा रही है, लेकिन वे इससे संतुष्ट नहीं हैं। इसके साथ ही किसानों ने प्रति क्विंटल 50 रुपये अतिरिक्त बोनस देने की मांग भी रखी है।

बातचीत में नहीं बनी सहमति

सोमवार को किसानों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से मुलाकात करके अपनी मांगें रखी थीं। हालांकि बातचीत में कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसानों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया। किसान नेताओं का कहना है कि सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है, इसलिए धरना आगे भी जारी रहेगा।

दोपहर 2 बजे तक का अल्टीमेटम

आंदोलनकारी किसानों ने सरकार को मंगलवार दोपहर दो बजे तक का समय दिया है। किसानों का कहना है कि तय समय तक उनकी मांगों पर फैसला नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे। किसान आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

किसान आंदोलन के चलते पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। होशंगाबाद रोड पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए सर्विस रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है। सोमवार रात दो डीएसपी और चार इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों समेत करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात रहे। मंगलवार को करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments