इंदौर में संपत्ति के लालच में अपने पिता और बहन की हत्या करने वाला आरोपी हर्ष यादव चौथे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक उसका कोई पक्का सुराग नहीं मिल पाया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए महीनों पहले से तैयारी शुरू कर दी थी और हत्या में मदद करने वाले अपने ही साथी को भी रास्ते से हटाने की योजना बना रखी थी।

आखिरी लोकेशन अंबाला के पास मिली
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की आखिरी लोकेशन अंबाला के पास मिली है। इसके बाद से उसका मोबाइल ज्यादातर समय बंद आ रहा है, जिस वजह से उसकी मौजूदा स्थिति का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। इंदौर पुलिस ने हर्ष के परिचितों और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी दिल्ली और हिमाचल प्रदेश की पुलिस को भी दे दी है, ताकि वह किसी भी राज्य में छिपा हो तो पकड़ा जा सके।
छह महीने पहले से रची थी साजिश
जांच में पता चला है कि हर्ष ने हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए करीब छह महीने पहले एक नाबालिग से दोस्ती की थी। उसके कुछ पुराने दोस्त भी थे, लेकिन उसने उन्हें इस काम में शामिल नहीं किया। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने जानबूझकर ऐसे साथी को चुना, जिसे वह आसानी से अपने इशारों पर चला सके। वारदात के बाद से ही पुलिस नाबालिग साथी से भी पूछताछ कर रही है और उसके जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
यात्री बनकर पिता को फ्लैट तक लाया
हर्ष ने अपने पिता की हत्या के लिए खुद के फ्लैट को चुना था। उसने अरिहंत नगर में किराए पर फ्लैट लिया था, लेकिन इसकी जानकारी पहले से अपने पिता और बहन को नहीं दी थी। योजना के तहत नाबालिग दोस्त को यात्री बनाकर पिता के पास भेजा गया। वह दोस्त पिता के रिक्शा में सवारी बनकर बैठ गया और सामान उठाने के बहाने उन्हें फ्लैट तक ले आया। वहां हर्ष पहले से घात लगाकर बैठा था। पिता की हत्या करने के बाद उसने शव को ठिकाने लगाया और फिर बहन की हत्या करने चला गया।
मददगार को भी रास्ते से हटाना चाहता था
पुलिस को यह भी पता चला है कि हत्या में मदद करने वाले नाबालिग को आरोपी ने पैसे नहीं दिए थे। मददगार ने अपने भाई की शादी का हवाला देते हुए पैसे मांगे थे, लेकिन हर्ष ने उसे टाल दिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी उसे भी रास्ते से हटाना चाहता था, ताकि पिता और बहन की हत्या का राज किसी के सामने न आ सके। हत्या के बाद आरोपी दिल्ली भाग गया था। पुलिस अब उसके सभी संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

