दिल्ली-NCR में ठंड के साथ स्मॉग की एंट्री, AQI 245 के बाद GRAP का पहला चरण लागू
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ-साथ प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। बुधवार, 21 अक्टूबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 245 दर्ज किया गया, जो इस सीजन में पहली बार ‘खराब’ श्रेणी में पहुंचा है। इसके साथ ही केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण को लागू कर दिया है।

इस साल सबसे देरी से खराब हुई दिल्ली की हवा
सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के आंकड़ों के मुताबिक, 2015 से 2025 के दौरान दिल्ली की हवा आमतौर पर अक्टूबर के पहले पखवाड़े में ही खराब श्रेणी में पहुंच जाती थी। इस साल 21 अक्टूबर को ऐसा हुआ, जो उपलब्ध आंकड़ों में सबसे देरी से दर्ज मामला है। इससे पहले 13 जुलाई को AQI 246 दर्ज किया गया था। एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम का कहना है कि दिल्ली की हवा 23 अक्टूबर तक खराब श्रेणी में रह सकती है और उसके बाद के छह दिनों के पूर्वानुमान में भी खास सुधार की उम्मीद नहीं है।
GRAP लागू, क्या-क्या पाबंदियां लगेंगी
GRAP का पहला चरण लागू होने के बाद प्रदूषण नियंत्रण के कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की यांत्रिक सफाई और पानी के छिड़काव को बढ़ाया जाएगा। कचरा और जैविक पदार्थ को खुले में जलाने पर रोक रहेगी और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई होगी। औद्योगिक इकाइयों, ईंट भट्ठों और हॉट मिक्स प्लांट की जांच भी तेज कर दी गई है।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार से कामकाजी दिनों में 20 अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाने की घोषणा की है, ताकि लोग निजी वाहनों की जगह मेट्रो का इस्तेमाल करें। दिल्ली सरकार ने एक नवंबर से वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं देने का नियम सख्ती से लागू करने की बात कही है। साथ ही 1 नवंबर से दिल्ली में केवल BS-VI स्टैंडर्ड वाले वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। एंबुलेंस, इलेक्ट्रिक वाहन और जरूरी सेवाओं के वाहनों को इस सख्ती से छूट रहेगी।
15 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी
उधर मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते 22 अक्टूबर को 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, असम और नागालैंड समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बारिश और बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी ठंड बढ़ रही है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान गिर रहा है। उत्तर प्रदेश में कानपुर, आगरा, गोरखपुर, नोएडा और मेरठ समेत कई इलाकों में मौसम बदलेगा। मध्य प्रदेश के 21 और राजस्थान के 20 जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

