यूपी-बिहार में कल एमएलसी चुनाव: 11+8 सीटों पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान
उत्तर प्रदेश और बिहार में विधान परिषद (MLC) की कुल 19 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। यूपी की 11 और बिहार की 8 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में तैयारियां पूरी कर ली हैं और संवेदनशील बूथों पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

शिक्षक और स्नातक कोटे के मतदाता तय करेंगे नतीजे
यह चुनाव विधानसभा क्षेत्रों जैसा नहीं है — यहां मतदाता केवल शिक्षक और स्नातक वर्ग के पंजीकृत लोग होंगे। यूपी में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोटिंग होगी। इनमें आगरा, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी, लखनऊ और वाराणसी क्षेत्र के स्नातक सीटें शामिल हैं। शिक्षक कोटे में आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद, लखनऊ, काशी और गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र की सीटें हैं। यूपी की 11 सीटों में 5 पश्चिमी यूपी, 2 लखनऊ क्षेत्र, 1 बुंदेलखंड और 3 पूर्वांचल की हैं।
बिहार में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण के शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों सहित कुल 8 सीटों पर चुनाव हो रहा है। चुनाव आयोग ने प्रखंड स्तर पर मतदान केंद्र बनाए हैं, ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं और पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना कर दी गई हैं।
गोरखपुर सीट पर योगी-अखिलेश के बीच सीधी जंग
सबसे ज्यादा निगाहें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहक्षेत्र गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक कोटे की सीट पर हैं। यहां भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अखिलेश यादव खुद इस सीट पर नजर रखे हुए हैं, जबकि सीएम योगी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने भाजपा के बागी नेताओं को साथ लेकर मुख्यमंत्री के दुर्ग में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है, जिससे सत्तारूढ़ खेमे में बेचैनी बढ़ गई है।
दोनों दल इस एमएलसी चुनाव को 2027 विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफाइनल’ मानकर लड़ रहे हैं। शिक्षक संघों के पारंपरिक दबदबे वाली इन सीटों पर शहरी वोटर्स का भी बड़ा हिस्सा है, इसलिए नतीजों को 2027 की सियासी हवाओं का संकेत माना जा रहा है। मतदान केंद्रों पर मोबाइल, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक रहेगी और मतपत्र से मतदान कराया जाएगा।
बिहार में NDA के भीतर ही विवाद
बिहार में चुनाव से पहले NDA गठबंधन के भीतर दो सीटों पर अंदरूनी विवाद उभर आया है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में RLM नेता रामपुकार सिन्हा ने NDA के आधिकारिक उम्मीदवार आनंद पुष्कर के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। वहीं पटना स्नातक क्षेत्र में JDU ने नीरज कुमार को आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, लेकिन JDU के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पार्टी उम्मीदवार की जगह जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह का समर्थन दे दिया है। यह बगावत गठबंधन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।

