इंदौर में सोमवार को छठ पूजा का समापन होगा। पूर्वांचलवासी उगते सूरज को अर्घ्य देकर 36 घंटे का उपवास खोलेंगे। शहर में 50 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके अलावा सोमवार को भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती सहित कई धार्मिक और सामाजिक आयोजन होंगे। शहर में दीपावली मिलन समारोहों का दौर भी जारी रहेगा।

सुबह 8 बजे छठ पूजा का समापन
इंदौर के पिपलियाहाना और विजय नगर क्षेत्र में सुबह 8 बजे छठ पूजा का समापन होगा। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर श्रद्धालु अपना उपवास खोलेंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाओं ने निर्जला उपवास रखा और सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। शहर के विभिन्न घाटों और तालाबों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
सहस्त्रबाहु जयंती पर एमआर-10 धाम में विशेष आयोजन
कलचुरी समाज के आराध्य भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु की जयंती पर एमआर-10 स्थित धाम में विशेष आयोजन होंगे। प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा धाम में रंगोली सजाई जाएगी। दीपों की सजावट के साथ आतिशबाजी भी होगी। समाज के लोग बड़ी संख्या में धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन करेंगे।
महिला सम्मेलन में 3000 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन
गुरुनी मैया कमलावती महाराज के जन्म शताब्दी वर्ष पर वर्धमान स्थानकवासी जैन श्राविका संघ का महिला सम्मेलन 16 नवंबर को नृसिंह वाटिका में दोपहर 1.30 बजे होगा। सम्मेलन के लिए तीन हजार महिलाओं का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इस अवसर पर धार्मिक प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
होलकर छत्री पर कवि सम्मेलन, पहले हेरिटेज वॉक
जीतो लेडीज विंग द्वारा कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। शाम 4 बजे होलकर छत्री पर इसका आयोजन होगा। इससे पहले हेरिटेज वॉक की जाएगी। सम्मेलन में विशेष बालिकाओं को भी आमंत्रित किया गया है। शहर में दीपावली मिलन समारोहों का सिलसिला भी जारी है, जिनमें विभिन्न समाजों और संगठनों के लोग शामिल हो रहे हैं।

