back to top
Thursday, October 29, 2026
Homeमनोरंजनकार्तिक आर्यन 'ऑपरेशन सिंदूर' के हीरो, विवेक अग्निहोत्री निर्देशक

कार्तिक आर्यन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के हीरो, विवेक अग्निहोत्री निर्देशक

मुंबई। ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले की पृष्ठभूमि पर बन रही फिल्म में कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका निभाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है, हालांकि कार्तिक इस समय एक अन्य प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं और उसके पूरा होते ही वह इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे।

कार्तिक आर्यन ऑपरेशन सिंदूर फिल्म

टी-सीरीज के साथ मिलकर बन रही फिल्म

इस फिल्म को विवेक अग्निहोत्री टी-सीरीज के प्रमुख भूषण कुमार के साथ मिलकर बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के. जे. एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ‘ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान’ पर आधारित होगी। किताब में ऑपरेशन सिंदूर के पीछे की अनकही कहानी दर्ज है, जिसे अब बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी है।

मार्च में ही हो चुका है ऐलान

इस प्रोजेक्ट की घोषणा विवेक अग्निहोत्री मार्च में ही कर चुके थे। तब उन्होंने कहा था कि यह कहानी पहलगाम आतंकी हमले के बाद के हालात पर आधारित है। उनके मुताबिक फिल्म को भारतीय सशस्त्र बलों के विभिन्न अंगों के साथ मिलकर, जमीनी स्तर पर की गई व्यापक रिसर्च के जरिए तैयार किया गया है। विवेक ने इसे हकीकत से जुड़ी कहानी बताते हुए कहा था कि इसका मकसद सिर्फ शोर मचाना नहीं, बल्कि तथ्यों, स्पष्टता और सिनेमा के जादू के जरिए सच्चाई का सामना करना है। एक इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा था कि वह उन कहानियों पर भरोसा करते हैं, जो असहज हों लेकिन जरूरी भी हों, और उनकी कोशिश इस कहानी को सच्चाई के साथ इतना रोमांचक बनाना है कि दर्शक देखते समय जुड़े रहें।

अभी ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग में व्यस्त हैं कार्तिक

रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्तिक आर्यन फिलहाल शिमित अमीन की फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म यमन में हूथी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। इसके पूरा होने के बाद ही कार्तिक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शूटिंग शुरू करेंगे।

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था। आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर गोलियां चलाईं, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन टीआरएफ ने ली थी। इसके जवाब में 7 मई को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया। इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए, और 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए। जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन उसे नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं, जिससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments