back to top
Saturday, October 31, 2026
HomeमनोरंजनMP राज्योत्सव 2026: भोपाल में 1-3 नवंबर तक धूम, मोनाली की प्रस्तुति

MP राज्योत्सव 2026: भोपाल में 1-3 नवंबर तक धूम, मोनाली की प्रस्तुति

मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस इस बार भोपाल में बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन होगा। इस साल समारोह की थीम ‘विरासत से विकास’ रखी गई है, जिसके तहत प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को एक ही मंच पर दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे समारोह का शुभारंभ करेंगे। तीन दिनों तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कृषि प्रदर्शनी, लोकनृत्य, व्यंजन मेले और पुरस्कार वितरण जैसे कई आयोजन होंगे। बॉलीवुड की मशहूर पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर और लोकगायक मामे खान की प्रस्तुतियां इस उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेंगी।

30 और 31 अक्टूबर को निकलेंगी सांस्कृतिक गौरव यात्राएं

मुख्य समारोह से पहले 30 और 31 अक्टूबर को भोपाल के प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में मध्य प्रदेश और दूसरे राज्यों के 400 से अधिक लोक एवं जनजातीय कलाकार शामिल होंगे। कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की विविध विरासत की झलक दिखाएंगे। गौरव यात्राओं का मकसद राज्योत्सव का माहौल बनाना और आम लोगों को प्रदेश की लोक परंपराओं से जोड़ना है।

देशराग से होगी शुरुआत, पहली संध्या में मोनाली ठाकुर

1 नवंबर को स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत ‘देशराग’ कार्यक्रम से होगी। इसमें 71 बच्चे सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन करेंगे और पुलिस बैंड की प्रस्तुति भी होगी। लाल परेड ग्राउंड में आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा। पहली सांस्कृतिक संध्या में मोनाली ठाकुर अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगी, जबकि समारोह के दौरान लोकगायक मामे खान की प्रस्तुति भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। तीनों दिन लोकनृत्य, जनजातीय नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां होंगी।

102 मेधावी विद्यार्थियों और 165 किसानों को पुरस्कार

समारोह में प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के तहत सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री चयनित छात्र-छात्राओं को मंच से एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान करेंगे। इसके अलावा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के प्रदेशभर के 165 विजेता किसानों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे। इन पुरस्कारों में 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर शामिल हैं।

कृषि प्रदर्शनी, प्रदर्शनियां और व्यंजन मेला

लाल परेड ग्राउंड में 2 और 3 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक कृषि प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें उन्नत बीज, जैविक कृषि इनपुट, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीक और एग्री स्टार्टअप से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी। राज्योत्सव में ‘विरासत से विकास’, ‘जन-कल्याण एवं विकास’ और 160 चित्रों पर आधारित ‘राजाभोज का भोपाल’ प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इनके जरिए मध्य प्रदेश के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। इसके साथ किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप भी लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों के बनाए सामान खरीदने का अवसर मिलेगा। ‘स्वाद-देश’ व्यंजन मेले में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। आम नागरिकों के लिए तीनों दिन प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, और जिला स्तर पर भी स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments