back to top
Monday, November 2, 2026
Homeराज्यMP स्थापना दिवस पर PM मोदी का पत्र, CM मोहन यादव को...

MP स्थापना दिवस पर PM मोदी का पत्र, CM मोहन यादव को दी बधाई

मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश की जनता को पत्र भेजकर शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में राज्य सरकार के ‘किसान कल्याण वर्ष’, प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की है। उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, जनजातीय चेतना और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया है।

प्रदेश से आत्मीय जुड़ाव का जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश से उनका आत्मीय जुड़ाव रहा है। संगठन के दिनों में उन्हें प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में जाने और कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों के बीच समय बिताने का मौका मिला। उन्होंने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशाभाऊ ठाकरे, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता विजयाराजे सिंधिया जैसी विभूतियों के योगदान को भी याद किया। बुंदेलखंड क्षेत्र की केन-बेतवा लिंक परियोजना का उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने जताया आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री का यह संदेश रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करके उनका आभार जताया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि स्थापना दिवस पर प्रदेश की गौरवशाली विरासत और विकास यात्रा के प्रति प्रधानमंत्री के आत्मीय भाव सभी प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप राज्य सरकार एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने की दिशा में संकल्प के साथ काम कर रही है।

‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर भरोसा

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के मूलमंत्र पर चलते हुए विकसित भारत के सपने को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि, भावांतर भुगतान योजना, भोपाल-इंदौर मेट्रो, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम आवास, पीएम जनमन योजना, आयुष्मान भारत योजना, धार जिले के पीएम मित्रा पार्क और चीता प्रोजेक्ट का भी उल्लेख करते हुए इन कार्यों के लिए राज्य सरकार की सराहना की।

स्थापना दिवस समारोहों के बीच आया संदेश

प्रधानमंत्री का यह पत्र ऐसे समय आया है जब प्रदेशभर में 71वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। 1 नवंबर को भोपाल के शौर्य स्मारक में मुख्यमंत्री ने ‘संकल्प वृक्ष’ रोपा था और इंदौर सहित जिलों में जिला स्तरीय समारोह हुए थे। स्थापना दिवस के कार्यक्रम 1 नवंबर से 15 जनवरी तक चलेंगे, जिनमें किसान कल्याण वर्ष और आगामी युवा वर्ष से जुड़े आयोजन शामिल हैं। प्रधानमंत्री के पत्र को राज्य सरकार के विकास कार्यों पर केंद्र की मुहर के रूप में देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments