back to top
Friday, October 16, 2026
HomeराजनीतिPM मोदी का तमिलनाडु दौरा: 13000 करोड़ की सौगात, चेन्नई मेट्रो

PM मोदी का तमिलनाडु दौरा: 13000 करोड़ की सौगात, चेन्नई मेट्रो

चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के एक दिवसीय दौरे पर राज्य को बड़ी सौगात दी। उन्होंने चेन्नई में करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें चेन्नई मेट्रो रेल, हाईवे, रेलवे, पोर्ट्स, पेट्रोलियम और शिक्षा सेक्टर की परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इनमें से कुछ परियोजनाएं रोजमर्रा के सफर को आसान बनाएंगी, जबकि अन्य उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देंगी और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी।

केंद्र से जो भी मदद चाहिए, खड़े हैं- PM मोदी

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे एक ऐसा तमिलनाडु चाहते हैं जो निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचता जाए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि केंद्र से राज्य को जो भी मदद चाहिए होगी, केंद्र सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ राज्य के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री के मुताबिक विकसित तमिलनाडु से विकसित भारत का संकल्प मिलकर साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के विकास और यहां के लोगों की सेवा का उनका संकल्प हमेशा अटूट रहा है और इसी संकल्प के साथ मुख्यमंत्री के साथ मिलकर राज्य की विकास यात्रा को आगे बढ़ाया जा रहा है।

IIT चेन्नई के ब्रेन रिसर्च सेंटर का दौरा

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे में आईआईटी चेन्नई के ब्रेन रिसर्च सेंटर का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में हो रही रिसर्च पब्लिक हेल्थ के क्षेत्र में कई नए अवसर पैदा कर सकती है। इसके अलावा उन्होंने चेन्नई मेट्रो के एक और ट्रेंच को जनता को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मंदिर से मेट्रो तक तमिलनाडु के ये अनुभव आज के भारत की स्पिरिट हैं। भारत अपनी सांस्कृतिक शक्ति से प्रेरणा लेता है, विज्ञान की प्रगति से आगे बढ़ता है और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए नए अवसरों का निर्माण कर रहा है।

सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल का महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है। अक्टूबर 2001 में उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और तब से देशवासियों ने उन्हें पहले सीएम और फिर पीएम के रूप में सेवा का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि इन 25 सालों में लोकतंत्र की दो शक्तियों में उनका विश्वास मजबूत हुआ है- पहली देश की जनता और दूसरी कॉपरेटिव फेडरेलिज्म। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्यों की आकांक्षाओं को समझा और पीएम बनने के बाद न सिर्फ उन आकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश की, बल्कि यह प्रयास भी किया कि राज्य अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकें।

मेट्रो नेटवर्क में बड़ा विस्तार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शहरी विकास उनकी बड़ी प्राथमिकता है और शहरीकरण एक चुनौती नहीं बल्कि अवसर है, जिसमें पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बड़ी भूमिका है। उन्होंने बताया कि 2014 में देश के सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो चलती थी, जबकि आज 25 शहरों में मेट्रो सेवा का संचालन हो रहा है। 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क 250 किलोमीटर का था, जो अब 1,100 किलोमीटर से ज्यादा हो चुका है। प्रधानमंत्री के मुताबिक चेन्नई मेट्रो का विस्तार इसलिए किया गया है ताकि शहर के सामान्य लोग, कामगार परिवार, छात्र और बुजुर्ग सभी का सफर आसान हो और उनकी यात्रा कम समय में पूरी हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments