बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राघोपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में एक नाव पलट गई, जिसमें सवार कई लोगों की मौत हो गई। नाव पर 15 से 20 लोग सवार थे, जो किसी भोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के पास हुआ। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया।


मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े
हादसे में कितने लोगों की जान गई, इसको लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। राघोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं वैशाली के जिलाधिकारी ने 11 मौतों का जिक्र किया है। दूसरी ओर, राघोपुर के विधायक और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मृतकों की संख्या लगभग 30 बताई है और कहा है कि अब तक 14 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में ज्यादातर बच्चे बताए जा रहे हैं। घायल हुए लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में भेजा गया है। आधिकारिक आंकड़ा अभी भी साफ हो रहा है, इसलिए संख्या में बदलाव संभव है।
PM मोदी और CM ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है। PMNRF से हर मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी शोक जताया और कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
रेस्क्यू अभियान और तेजस्वी यादव का दौरा
हादसे के बाद NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं और लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव से बात कर ज्यादा से ज्यादा बचाव दल तैनात करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह पटना पहुंचते ही सीधे राघोपुर जाएंगे और पीड़ित परिवारों से मिलेंगे।
सामने आए 13 मृतकों के नाम
हादसे में जान गंवाने वाले 13 लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी शामिल हैं। ज्यादातर मृतक एक ही इलाके के रहने वाले थे। पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


