मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी दो साल का समय बाकी है, लेकिन इंदौर में भारतीय जनता पार्टी की गुटीय राजनीति के समीकरण अभी से बदलने लगे हैं। कुछ नेता पाला बदलने की तैयारी में भी जुट गए हैं। टिकट के दावेदारों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है और राजधानी के नेताओं के करीब जाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।

तोमर गुट मजबूत, पर सीएम से नजदीकी बढ़ी
इंदौर में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का गुट भी मजबूत माना जाता है। दो विधायक और कुछ नेता इस गुट से जुड़े हुए हैं, लेकिन अब उनकी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी नजदीकी बढ़ने लगी है। टिकट की दौड़ में शामिल युवा नेताओं में गौरव रणदिवे और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी बीते कुछ समय से मुख्यमंत्री से निकटता बढ़ा दी है। टिकट के दावेदार नेता अच्छी तरह जानते हैं कि उम्मीदवार तय करने में राजधानी में बैठे नेताओं का दखल ज्यादा होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर ने बढ़ाई चर्चा
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री से इंदौरी नेताओं की मुलाकात की एक तस्वीर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई थी। तस्वीर में विधायक मालिनी गौड़, गौरव रणदिवे, मनोज पटेल, एकलव्य गौड़ और सावन सोनकर नजर आए थे। मालिनी गौड़ और मनोज पटेल को तोमर समर्थक माना जाता है।
लालवानी, वर्मा और सिलावट तटस्थ
इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, तुलसी सिलावट, महेंद्र हार्डिया और मधु वर्मा स्थानीय गुटबाजी से न तो ज्यादा नजदीकी रखते हैं और न ही दूरी। ये नेता तटस्थ रहते हैं। इनकी राजनीति ‘न कहूं किसी से दोस्ती, न कहूं किसी से बैर’ वाली मानी जाती है।
विजयवर्गीय गुट कमजोर पड़ा
वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का गुट एक समय इंदौर की राजनीति में सबसे मजबूत माना जाता रहा है। फिलहाल यह गुट कुछ हद तक कमजोर हुआ है। इस गुट से विधायक रमेश मेंदोला, जीतू जिराती और गोलू शुक्ला जुड़े हैं। पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी विजयवर्गीय के करीबी माने जाते थे, लेकिन अब दोनों के बीच दूरी बढ़ गई है। मंत्री विजयवर्गीय की बैठकों में मौजूद नहीं रहने को लेकर एक बार मुख्यमंत्री के सामने मंच पर ही उन पर तंज कस दिया गया था। पहले गौरव रणदिवे भी मंत्री विजयवर्गीय के करीबी थे, लेकिन भाजपा नगर अध्यक्ष बनने के बाद से ही गौरव की मंत्री विजयवर्गीय से दूरी बढ़ गई थी। विजयवर्गीय गुट से जुड़े दीपक जैन टीनू को भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संगठन में जिम्मेदारी दी है।

