back to top
Sunday, November 8, 2026
Homeराज्यइंदौर में आज दीपावली: महालक्ष्मी मंदिरों में उमड़ेगी भीड़

इंदौर में आज दीपावली: महालक्ष्मी मंदिरों में उमड़ेगी भीड़

रोशनी का त्योहार दीपावली आज इंदौर में पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से शहर के बाजारों में खरीदारी का जोरदार दौर चला और अब शहरवासी अपने घर-आंगन को दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने में जुटे हैं। भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में पूरा शहर जगमगा उठा है। घरों में विधि-विधान से मां महालक्ष्मी का पूजन होगा और उन्हें स्वादिष्ट पकवानों का भोग लगाया जाएगा।

इस बार दीपावली स्वाति नक्षत्र में मनाई जा रही है। रविवार सुबह 11 बजकर 28 मिनट तक चतुर्दशी तिथि रहेगी, इसके बाद कार्तिक अमावस्या शुरू हो जाएगी। इसी कारण सुबह रूप चौदस भी मनाई जाएगी। अमावस्या दो दिन रहने के कारण इस बार दीपावली का पर्व छह दिनों तक मनाया जाएगा।

महालक्ष्मी मंदिरों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

दीपावली के मौके पर शहर के महालक्ष्मी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। राजवाड़ा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में रविवार और सोमवार सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगेंगी। होलकर शासनकाल में बने इस मंदिर के प्रति हजारों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। दीपावली पर मंदिर में विशेष अनुष्ठान होंगे और मां महालक्ष्मी का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। इसके अलावा उषा नगर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में भी विशेष आयोजन होंगे, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मल्हारगंज और हरसिद्धि स्थित महालक्ष्मी मंदिरों में भी विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे।

अन्नपूर्णा मंदिर में जलेंगे एक हजार दीप

रविवार को अन्नपूर्णा मंदिर में एक हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मंदिर को दस लाख रुपये के नए नोटों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर परिसर में दीपों की रोशनी और सजावट का भव्य नजारा देखने को मिलेगा।

सफाई के लिए सुबह साढ़े तीन बजे से जुटेगा अमला

दीपावली के दूसरे दिन यानी सोमवार सुबह शहरवासियों को साफ-सुथरी सड़कें और गलियां नजर आएं, इसके लिए नगर निगम का सफाई अमला विशेष तैयारी में जुटा है। आम दिनों की तुलना में सफाईकर्मी इस दिन जल्दी काम शुरू करेंगे। दीपावली पर पटाखों के कारण बड़ी मात्रा में कचरा सड़कों पर फैल जाता है। इसकी सफाई के लिए करीब आठ हजार सफाईकर्मियों की टीम मैदान में उतरेगी। सुबह साढ़े तीन बजे से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर सफाई अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments