इंदौर के प्रीतमलाल दुआ सभागार में रविवार को हिंदी भाषा और साहित्य को समर्पित एक भव्य आयोजन हुआ। हिंदी के तकनीकी प्रचार-प्रसार के लिए काम कर रही संस्था मातृभाषा डॉट कॉम की दसवीं वर्षगांठ पर ‘दशक उत्सव’ मनाया गया। कार्यक्रम में शहर और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक और हिंदी प्रेमी शामिल हुए। सभागार में सुबह से ही साहित्यिक माहौल बना रहा और मंच से हिंदी के भविष्य को लेकर कई अहम बातें कही गईं।

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर रहीं मुख्य अतिथि
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर रहीं, जबकि अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री और चुनाव समिति के सदस्य सत्यनारायण जटिया ने की। मातृभाषा उन्नयन संस्थान की सचिव भावना शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया और संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ ने विषय पर अपनी बात रखी।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि भारत कई भाषाओं का देश है और हिंदी देश की प्रतिनिधि भाषा है, इसलिए इसका सम्मान करना हर भारतीय का कर्तव्य है। सत्यनारायण जटिया ने कहा कि भाषाओं और साहित्य का स्वभाव निरंतरता है और मातृभाषा डॉट कॉम के दस साल इसी निरंतरता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि नियमित और निरंतर लेखन से ही साहित्य में प्रगति संभव है।
एक साथ चार किताबों का लोकार्पण
उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण एक साथ चार किताबों का लोकार्पण रहा। इस अवसर पर भावना शर्मा की पुस्तक ‘बुनकारी’ के द्वितीय संस्करण, अंजु चौधरी के उपन्यास ‘स्मृतिवन’, अनुरूपा चौघुले के कहानी संग्रह ‘आखिरी हिम्मत’ और डॉ. अर्पण जैन ‘अविचल’ की पुस्तक ‘हिंदी आखिर क्यों?’ का लोकार्पण किया गया। चारों किताबों को लेकर साहित्यकारों में खासा उत्साह देखा गया।
साहित्यकारों को मिले सम्मान
कार्यक्रम में मातृभाषा गौरव सम्मान से देशभर के साहित्यकारों को नवाजा गया। राजस्थान से नरेंद्र पाल जैन, करनाल (हरियाणा) से अंजु चौधरी, हैदराबाद से काजल जोशी, प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) से प्रीति खरवार, महिदपुर से आरती जोशी, सनावद से पारस बिरला और इंदौर से सुषमा व्यास राजनिधि, डॉ. संध्या सिलावट, कीर्ति मेहता ‘कोमल’ और सुरेखा सिसौदिया को यह सम्मान मिला।
इसके अलावा शहर के वरिष्ठ साहित्यकारों — प्रभु त्रिवेदी, ज्योति जैन, डॉ. किसलय पंचोली, रमेश चंद्र शर्मा, डॉ. प्रतिभा सोलंकी, डॉ. वंदना चराटे, विश्वास व्यास, डॉ. अखिलेश राव, मंजूला भूतड़ा और प्रेम मंगल — को भाषा सारथी सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कवि अंशुल व्यास ने किया और आभार राष्ट्रीय सहसचिव सपन जैन काकड़ीवाला ने व्यक्त किया। दूसरे सत्र में साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।

