भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की आर्थिक तरक्की में व्यापारियों की भूमिका सबसे अहम है। बुधवार शाम भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के नवनियुक्त पदाधिकारियों और मध्यप्रदेश इकाई की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रदेश के सभी 55 जिलों के कैट अध्यक्षों ने भी पदभार ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारियों की भागीदारी के बिना आर्थिक विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सरकार का मकसद नए उद्योग लगाने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करना है, ताकि युवाओं और जरूरतमंद लोगों के लिए रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा हो सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के विकास में सरकार व्यापारियों के साथ मिलकर काम करेगी।
समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश का संकल्प
समारोह में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को ‘समृद्ध व्यापारी-समृद्ध मध्यप्रदेश’ के संकल्प की शपथ दिलाई। इस पहल के तहत कैट मध्यप्रदेश सरकार और प्रदेश के करीब 22 लाख व्यापारियों के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में काम करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े उद्योगपतियों तक सभी का योगदान है।
कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 55 जिलों के अलग-अलग बाजारों से मिट्टी लेकर समृद्धि कलश यात्राएं निकाली गईं। मुख्यमंत्री ने इसे व्यापारिक समुदाय की एकजुटता और समृद्धि के साझा संकल्प को दिखाने वाली भावनात्मक और प्रेरणादायी पहल बताया। इस अवसर पर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर सम्मानित किया और समृद्धि कलश भेंट किया।
22 लाख व्यापारियों की ताकत, सभी 55 जिलों में कैट सक्रिय
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में करीब 22 लाख व्यापारी हैं और कैट इन सभी के हितों और समस्याओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संगठन की इकाइयां प्रदेश के सभी 55 जिलों में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों को प्रदेश की विकास यात्रा का अहम भागीदार मानती है। उद्योग और व्यापार एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने से ही राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
डिजिटल पेमेंट और ई-कॉमर्स से बदला व्यापार का स्वरूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। डिजिटल भुगतान, ई-कॉमर्स, जीएसटी व्यवस्था, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक ने व्यापार के लिए नए रास्ते खोले हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को भी बदलते समय के साथ तकनीक अपनानी होगी। डिजिटल व्यवस्था और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके छोटे-बड़े सभी कारोबारी अपने व्यापार को आगे बढ़ा सकते हैं।
MP में 12 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश देश में तेजी से निवेश आकर्षित करने वाले राज्यों में शामिल है। प्रदेश में करीब 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने कॉरपोरेशन का गठन भी किया है। सरकार की प्राथमिकता है कि बड़े उद्योगों के साथ छोटे और मध्यम कारोबारियों को भी विकास का पूरा अवसर मिले।
नए व्यापारियों के लिए मेंटॉरशिप कार्यक्रम का सुझाव
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह केवल पदभार ग्रहण करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक बड़े संकल्प की शुरुआत है। उन्होंने सुझाव दिया कि नए व्यापारियों को कारोबार की बारीकियां समझाने और उन्हें सही दिशा देने के लिए कैट को मेंटॉरशिप कार्यक्रम शुरू करना चाहिए। इस पहल के जरिए अनुभवी व्यापारी नए कारोबारियों का मार्गदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कल्याण बोर्ड का गठन मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

