मध्य प्रदेश से राज्यसभा की खाली सीट पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को भाजपा का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रदेश में कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को भोपाल, बैतूल, भिंड और जबलपुर समेत कई शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

भोपाल में सुबह से ही पुलिस की घेराबंदी
भोपाल में विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुबह करीब पांच बजे से ही प्रमुख कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया था। युवा कांग्रेस नेता अंकित दुबे को हबीबगंज थाने में रखा गया, जबकि मोहित सक्सेना को अयोध्या नगर थाने और अमित खत्री को ऐशबाग थाने में बैठाया गया। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार को भी उनके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस ने इसका वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
भोपाल में मनोज शुक्ला की हिरासत पर कांग्रेस का पलटवार
भोपाल में कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को हिरासत में लिए जाने का वीडियो साझा करते हुए प्रदेश कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस ने कहा कि सरकार हरदीप पुरी का विरोध रोक सकती है, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता अपना विरोध दर्ज कराकर ही दम लेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि मनोज शुक्ला की हिरासत से यह साबित होता है कि सरकार विवादित उम्मीदवार का साथ दे रही है।
बैतूल और जबलपुर में पुतला जलाने पर कार्रवाई
बैतूल में हरदीप पुरी का पुतला जलाने के मामले में युवा कांग्रेस के साथ-साथ जिला कांग्रेस के नेताओं पर भी कार्रवाई तेज हो गई। पुलिस ने युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। जबलपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर हरदीप पुरी का पुतला फूंका और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर पुरी ने अपना नाम वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
एपस्टीन फाइल्स का आरोप और सिंघार के सवाल
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों का आरोप है कि भाजपा ने जिस हरदीप पुरी को राज्यसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है, उनका नाम अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और संचार में सामने आ चुका है। यह कांग्रेस का आरोप है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव होने के बावजूद वहां से टिकट नहीं मिलने के बाद पुरी मध्य प्रदेश आ गए। सिंघार ने कहा कि अगर दामन साफ है तो सवालों से खौफ कैसा है और जनता जवाब मांग रही है।
किस सीट के लिए हो रहा है उपचुनाव
भाजपा ने एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए पुरी को उम्मीदवार बनाया है। मुरुगन ने इसी महीने की शुरुआत में केंद्र सरकार और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उच्च सदन में उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 में समाप्त होना था। पुरी ने शनिवार को ही भोपाल में अपना नामांकन दाखिल किया था, जिसके बाद से प्रदेश में सियासी सरगर्मी और तेज हो गई है।

