back to top
Wednesday, November 18, 2026
Homeराज्यनीमच में पहाड़ के नीचे बनेगा पावर हाउस, 1920 MW बिजली देगा

नीमच में पहाड़ के नीचे बनेगा पावर हाउस, 1920 MW बिजली देगा

मध्य प्रदेश के नीमच जिले में बिजली को सहेजने का एक अनोखा तरीका अपनाया जा रहा है। गांधी सागर क्षेत्र में पहाड़ के नीचे पावर हाउस बनाया जा रहा है, जहां दिन में सूरज की अतिरिक्त बिजली से पानी पहाड़ पर चढ़ाया जाएगा और शाम को उसी पानी से बिजली बनाई जाएगी।

दिन में पानी ऊपर, शाम को बिजली

इस परियोजना का सिद्धांत बेहद सरल है। दिन के समय जब बिजली की मांग कम होती है और सौर ऊर्जा से ज्यादा बिजली बनती है, तब उस अतिरिक्त बिजली से पंप चलाए जाएंगे। ये पंप नीचे के जलाशय से पानी खींचकर पहाड़ की चोटी पर बने कृत्रिम जलाशय तक पहुंचाएंगे। शाम होते ही जब घरों, उद्योगों और बाजारों में बिजली की मांग बढ़ जाती है, तब ऊपर जमा पानी को तेज दबाव के साथ नीचे बने टरबाइन पर गिराया जाएगा। टरबाइन घूमने से जनरेटर चलेंगे और बिजली का उत्पादन होगा।

पहाड़ के भीतर बनेगा पावर हाउस

गांधी सागर क्षेत्र की रामपुरा तहसील के खिमला ब्लॉक की पहाड़ियों में 11,500 करोड़ रुपये की लागत से 1920 मेगावाट क्षमता की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना तैयार की जा रही है। इसे ग्रीनको एमपी01 आईआरईपी प्राइवेट लिमिटेड विकसित कर रही है। इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इसका पावर हाउस पहाड़ के नीचे चट्टानों के भीतर बनाया जा रहा है। यहां तक पहुंचने के लिए पहाड़ के अंदर लंबी सुरंगें बनाई गई हैं, जिनसे होकर पानी टरबाइन तक पहुंचेगा।

पानी का होगा बार-बार इस्तेमाल

परियोजना के अधिकारी एजीएम कमलेश सिंह परिहार ने बताया कि यहां पानी को बार-बार इस्तेमाल करने की व्यवस्था की गई है। बिजली बनाने के बाद पानी निचले जलाशय में पहुंचेगा और मांग कम होने पर उसे फिर ऊपर चढ़ाया जाएगा। यह प्रोजेक्ट गांधी सागर बांध से जुड़ा है और बांध के पानी का ही उपयोग इसके लिए किया जाएगा। बांध की कुल जल क्षमता लगभग 250 टीएमसी है, जिसमें से 2.4 टीएमसी पानी बिजली बनाने के लिए लिया जाएगा।

1920 मेगावाट क्षमता, जून 2027 का लक्ष्य

परियोजना की क्षमता एक घंटे में 1920 मेगावाट बिजली बनाने की है। इससे अधिकतम छह घंटे तक लगातार पूरी क्षमता से बिजली दी जा सकेगी। जून 2027 में पूरी परियोजना से व्यावसायिक बिजली उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे सौर और पवन ऊर्जा पर निर्भर बिजली व्यवस्था को जरूरत के समय अतिरिक्त बिजली मिल सकेगी।

4000 लोगों को रोजगार, वन्यजीवों का ध्यान

परियोजना के निर्माण कार्यों से करीब 4000 लोगों को रोजगार मिला है। अधिकारियों के मुताबिक, इसके पूरा होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पंपिंग पॉइंट पर फिश स्क्रीन लगाई जा रही है, जलाशयों के चारों ओर फेंसिंग की जा रही है और भूमिगत निर्माण से शोर और कंपन का असर भी कम रखने का प्रयास किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments