back to top
Wednesday, November 18, 2026
Homeराज्यइंदौर: परिचर्चा में पत्रकार बोले- आपातकाल आज भी लागू

इंदौर: परिचर्चा में पत्रकार बोले- आपातकाल आज भी लागू

स्टेट प्रेस क्लब मध्य प्रदेश द्वारा इंदौर में ‘लोकतंत्र में वर्चस्व की राजनीति; कहां जनमत – कितना जनहित’ विषय पर राष्ट्रीय परिचर्चा का आयोजन किया गया। अभिनव कला समाज सभागार में आयोजित इस परिचर्चा में देश के जाने-माने पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि आपातकाल से लेकर अमृतकाल तक तरीके बदल-बदल कर जनता की आवाज को दबाया गया है। वक्ताओं ने लोकतंत्र, मीडिया की भूमिका, विपक्ष और संवैधानिक संस्थाओं पर खुलकर अपने विचार रखे।

आज असहमति की कोई जगह नहीं बची

सत्य हिंदी के संस्थापक एवं वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष ने कहा कि आज देश में माइंड सेट करने के लिए प्रोपेगंडा चलाया जा रहा है। नियोजित तरीके से सोचने-समझने की शक्ति खत्म कर दी गई है। अब जो बताया जा रहा है, उसे ही सच मानने पर मजबूर किया जा रहा है। ऐसा लगता है कि पूरे देश को डिजिटल अरेस्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमें लग रहा है कि हम सुपर पावर होकर विश्व गुरु बन गए हैं, जबकि हकीकत विपरीत ही है। उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा भी आएगा, जब हमें अपनी इस सोच पर आत्मग्लानि होगी। आशुतोष ने कहा कि आज जो ताकत सत्ता में है, वह वर्चस्व की राजनीति कर रही है और वर्चस्व को चुनौती देने वालों को नेस्तनाबूत किया जा रहा है। आज असहमति की कोई जगह नहीं बची। उन्होंने याद दिलाया कि आजादी के बाद संविधान को लेकर डॉ. भीमराव आम्बेडकर और महात्मा गांधी में खुलकर मतभेद हुए और नेहरू मंत्रिमंडल में पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को शामिल किया गया। उस वक्त एक ही लक्ष्य रहता था कि सभी मिलकर देश को प्रगति के पथ पर ले जाएं, लेकिन अब विपक्ष और मीडिया को कुचला जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं में सत्ता का जबरदस्त हस्तक्षेप हो गया है। उन्होंने कहा कि यह राम और कबीर का देश है, जिसमें मॉब लिंचिंग की कोई जगह नहीं है। रामजी ने भी जनभावना का सम्मान रखते हुए सीताजी की परीक्षा ली, लेकिन आज प्रश्न करने वालों को सलाखों के पीछे डाल दिया जा रहा है। आशुतोष ने कहा कि इंदौर पत्रकारिता का घराना है, जहां राहुल बारपुते, राजेन्द्र माथुर और प्रभाष जोशी जैसे मूर्धन्य पत्रकार-संपादक हुए, जिन्होंने भाषाई पत्रकारिता को नई दिशा दी। हिंदी पत्रकारिता सदा इनकी ऋणी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि समाचार पत्र में लोकतंत्र नहीं है, तो पत्रकारिता अधूरी है। अखबार में सभी विचारधारा के व्यक्ति को अपनी बात कहने और लिखने का हक है।

जंतर-मंतर के आंदोलन में शामिल विदेशी ताकतों का सरकार पता क्यों नहीं लगा पाई?

अमर उजाला के सलाहकार संपादक एवं राजनीतिक विश्लेषक विनोद अग्निहोत्री ने कहा कि विचारों से और संघर्ष से जनमत बनता है, लेकिन अब इस दौर को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत सरकार इंदिरा गांधी की भी थी, जिन्होंने 1975 में आपातकाल लगाया। मोदी सरकार भी मजबूत सरकार है, जिसने अघोषित आपातकाल लागू कर रखा है। पं. नेहरू और इंदिरा गांधी ने कभी विपक्ष रहित देश की बात नहीं की, लेकिन वर्तमान सरकार कांग्रेस मुक्त और विपक्ष मुक्त का नारा बुलंद कर रही है। अग्निहोत्री ने मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मीडिया गैर संवैधानिक कार्यों को मास्टर स्ट्रोक कहकर प्रचारित कर रही है। उन्होंने कहा कि 1974 के जेपी आंदोलन में भी प्रचारित किया गया था कि यह विदेशी ताकतों से प्रभावित है। आज भी जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वालों को विदेशी साजिश का हिस्सा बताया जाता है, लेकिन सरकारें आज तक यह पता नहीं लगा पाईं कि वे विदेशी ताकतें कौन सी थीं। अग्निहोत्री ने कहा कि जनमत का दबाव बढ़ा है, इसलिए सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग की नकेल कसी है और अब आयोग अपने फैसले बदल रहा है। उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा कांड का जिक्र करते हुए कहा कि जनमत की वजह से ही यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठा। उन्होंने कहा कि सरकार को लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान रखना चाहिए, ताकि जनतंत्र सर उठाकर चल सके। लोकतंत्र जनमत से चलता है और उसे दबाया नहीं जा सकता। लोकतंत्र की मजबूती के लिए विपक्ष का मजबूत रहना जरूरी है। मीडिया का धर्म है कि वह लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका निभाए और जनता के सवालों को उठाती रहे। उन्होंने कहा कि देश में यदि किसी मीडियाकर्मी पर हमला होता है, तो वह घटना राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप नहीं ले पाती, इस पर विचार करने की आवश्यकता है। ऐसे हमलावरों के खिलाफ मीडिया में लगातार आवाज उठनी चाहिए।

सच कहने वालों को ईडी, सीबीआई और जेल के नाम से डराया जा रहा

देशबंधु के कार्यकारी संपादक एवं राजनीतिक विश्लेषक जयशंकर गुप्त ने कहा कि वर्तमान में सरकार द्वारा सच कहने वालों को ईडी, सीबीआई और जेल के नाम से डराया जा रहा है। वर्चस्व की राजनीति देश पर हावी हो गई है, जिससे सभी स्तंभों का हनन हुआ है। इंदिरा गांधी ने सिंडिकेट को खत्म कर आपातकाल लगाया था और नरेंद्र मोदी ने गुजरात भाजपा के नेताओं को ठिकाने लगाकर पीएम की कुर्सी पर कब्जा जमाया। भला हो मोरारजी देसाई सरकार का, जिन्होंने आपातकाल के प्रावधानों को लगभग असंभव कर दिया, अन्यथा यह सरकार भी वह कर गुजरती। गुप्त ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नए तरीके ईजाद कर अघोषित आपातकाल लगा दिया है। संसद में विपक्ष की नहीं सुनी जा रही, धड़ाधड़ विधेयक पारित हो रहे हैं और आवाज उठाने वालों को जेल में डाला जा रहा है। गुप्त ने कहा कि आज से पांच दशक पहले भी सरकार के खिलाफ विपक्ष विरोध करता था, लेकिन उसका दमन नहीं किया जाता था। ऐसे भी प्रसंग आए, जब एक ही दल के सदस्यों ने अपने ही सरकार के खिलाफ वाजिब मांगों को लेकर आवाज उठाई, लेकिन उसका भी सम्मान किया गया। आज तो सरकार विरोध करने वाले विपक्ष को पूरी तरह दबाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्त की हाल ही में जारी पुस्तक ‘आपातकाल से अमृतकाल’ पर भी चर्चा हुई। इस पुस्तक में 21 महीनों के आपातकाल और नरेंद्र मोदी के वर्तमान कार्यकाल पर विस्तार से लिखा गया है। कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं ने वक्ताओं से मीडिया की निष्पक्षता, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, सरकार की कार्यशैली, सनातन और हिंदुत्व पर प्रश्न भी किए, जिनके वक्ताओं ने संतोषजनक जवाब दिए। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, रचना जौहरी, डॉ. रईस कुरैशी, आदिल सईद, इस्माइल लहरी, सोनाली यादव, संजीव श्रीवास्तव एवं सुनील जैन ने किया। कार्यक्रम का संचालन संजीव श्रीवास्तव एवं पंकज क्षीरसागर ने किया। अतिथियों को स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. का रचनात्मक साहित्य एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। अंत में मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments