सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को हुए हूती विद्रोहियों के हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। रविवार को घायल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जिसके बाद यह आंकड़ा बढ़ा। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने इस खबर की पुष्टि की है। इस बीच हमले के समय का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री घबराकर भागते नजर आ रहे हैं।


हैदराबाद के मोहम्मद यूसुफ की मौत
हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान हैदराबाद के 46 वर्षीय आईटी पेशेवर मोहम्मद यूसुफ के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ उमराह यात्रा पर गए थे। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और रविवार को रियाद के अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। दूतावास के मुताबिक उनके परिवार के कई सदस्य भी इस हमले में घायल हुए हैं और अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उनके दो बेटों को चोटें आई हैं, जिनमें से एक के घुटने की सर्जरी होनी है। उनकी पत्नी और बेटी सुरक्षित हैं, जबकि साथ यात्रा कर रही उनकी एक रिश्तेदार को सिर में चोट लगी है, हालांकि वे खतरे से बाहर हैं। दूतावास ने बताया कि हमले में कुल 11 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं और दूतावास अधिकारी स्थानीय प्रशासन तथा अस्पतालों के लगातार संपर्क में हैं। दूतावास पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए परिवार का पूरा सहयोग करेगा।
सीसीटीवी में कैद हमले का मंजर
सऊदी सरकारी टेलीविजन और अल-अरबिया की ओर से जारी किए गए सीसीटीवी वीडियो में हमले के भयावह पल कैद हुए हैं। फुटेज में यात्री उड़ान का इंतजार करते दिख रहे हैं, तभी अचानक तेज नारंगी रोशनी की चमक होती है और लोग जान बचाकर भागने लगते हैं। वीडियो में एयरपोर्ट की छत का हिस्सा गिरता हुआ भी नजर आ रहा है। एक अन्य वीडियो में यात्री सुरक्षा जांच के बाद बोर्डिंग गेट के पास इंतजार करते दिख रहे हैं, तभी विस्फोट होता है और भगदड़ मच जाती है। समाचार एजेंसियों के मुताबिक धमाके के बाद टर्मिनल के अंदर फर्श पर मलबा और धूल बिखर गई थी। रॉयटर्स के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाके के बाद कई लोग घायल होकर जमीन पर पड़े थे और एक दर्जन से अधिक एंबुलेंस एयरपोर्ट की ओर जाती देखी गईं।
दूसरे दिन फिर हमला, एयरपोर्ट बंद
शनिवार के हमले के अगले ही दिन रविवार को रियाद एयरपोर्ट पर फिर हमला हुआ। एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल टर्मिनल-4 से टकराया, जिससे वहां आग लग गई। सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। सऊदी हवाई रक्षा ने एयरपोर्ट के पास एक क्रूज मिसाइल को भी मार गिराया। लगातार हमलों के बाद प्रशासन ने किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन निलंबित कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक पिछले पांच दिनों में यह एयरपोर्ट चार बार निशाना बनाया जा चुका है और शनिवार का हमला एक दशक से भी अधिक समय में सऊदी धरती पर हुआ सबसे घातक हमला बताया जा रहा है।
भारत सरकार का रुख और विदेश मंत्री की संवेदना
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि रियाद हमले में भारतीय नागरिक की जान जाने से वे गहरा दुख महसूस कर रहे हैं और पीड़ित परिवार के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। जयशंकर ने यह भी कहा कि दूतावास परिवार को हर संभव सहायता देगा। दूसरी ओर हूती विरोधी गठबंधन ने इस हमले को पूर्ण युद्ध अपराध बताते हुए निर्णायक जवाब देने का संकल्प जताया है। हूतियों ने हाल के दिनों में सऊदी हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों पर हमलों की जिम्मेदारी ली है और एयरपोर्टों को निशाना बनाना जारी रखने की धमकी दी है। लगातार हमलों से खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


