back to top
Friday, October 16, 2026
HomeदेशUP कांग्रेस में हंगामा: अजय राय समर्थकों और ममता गुट में जूतेबाजी

UP कांग्रेस में हंगामा: अजय राय समर्थकों और ममता गुट में जूतेबाजी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस में रविवार को उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह से पहले लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में ही दो गुटों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों और कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी के समर्थकों के बीच कहा-सुनी इतनी बढ़ गई कि जूते-चप्पल चले और धक्का-मुक्की हो गई। इस घटना से कांग्रेस नेतृत्व की किरकिरी हुई है और बीजेपी को बैठे-बिठाए निशाना साधने का मौका मिल गया।

कांग्रेस में हंगामा

कहां से शुरू हुआ बवाल

प्रत्यक्षदर्शी पार्टी कार्यकर्ताओं के मुताबिक बवाल तब शुरू हुआ, जब अजय राय अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे। राय के समर्थकों ने प्रवेश द्वार के पास खड़े लोगों से जगह छोड़ने को कहा और बोले कि प्रदेश अध्यक्ष आ रहे हैं। आरोप है कि इस पर पार्षद ममता चौधरी ने पूछा कि कौन से अध्यक्ष? इसी बात पर दोनों पक्षों में तीखी बहस छिड़ गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और जूतेबाजी में बदल गई। आरोप है कि दोनों तरफ के समर्थकों ने एक-दूसरे पर जूते उछाले। अजय राय के समर्थकों ने ममता चौधरी पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उनकी पार्टी से निकासी की मांग की। घटना से क्षुब्ध अजय राय पहले तो बिना औपचारिक हस्तांतरण के कार्यालय से चले जाने का मन बना चुके थे, लेकिन सांसद इमरान मसूद और नई प्रदेश अध्यक्ष मोना के समझाने पर वह लौटे और औपचारिक रूप से पदभार मोना को सौंप दिया।

अजय राय की शिकायत, राहुल गांधी से फोन पर बात

बवाल के बाद अजय राय ने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद से शिकायत की और ममता चौधरी को पार्टी से निकालने की मांग उठाई। राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि खराब करते हैं। सूत्रों के मुताबिक बाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खुद फोन पर अजय राय से बात की और उन्हें बैठकर मामला सुलझाने तथा इस मुद्दे पर कोई बयान न देने की सलाह दी। फोन के बाद राय ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन उन्होंने पदभार ग्रहण के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा नहीं लिया और कार्यक्रम स्थल से चले गए। इमरान मसूद ने बाद में मीडिया को बताया कि पूर्व अध्यक्षों का प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होना परंपरा नहीं है। इस घटना के कारण मोना की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब एक घंटे देर से शुरू हो पाई।

ममता चौधरी का पलटवार: महिलाओं से मारपीट का आरोप

दूसरी ओर ममता चौधरी ने गाली-गलौज के आरोपों से पूरी तरह इनकार किया है। उनका कहना है कि वह महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के साथ नई प्रदेश अध्यक्ष मोना का स्वागत करने कार्यालय पहुंची थीं और उन्हें इस बात का पता ही नहीं चला कि बवाल किस बात पर शुरू हुआ। चौधरी ने उल्टा आरोप लगाया कि अजय राय के समर्थकों ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की, उन्हें धक्का दिया, थप्पड़ मारे और जूते फेंके। सोमवार सुबह सामने आए उनके बयान में चौधरी ने कहा कि गालियां देने और जूते चलाने वाले लोग कांग्रेसी नहीं हो सकते। उनका कहना है कि इसे दो गुटों का झगड़ा न समझा जाए, यह एक तरफ पुरुषों और दूसरी तरफ महिलाओं के बीच की घटना थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राय और चौधरी के बीच पिछले तीन साल से खींचतान चल रही है और राय ने ममता के पार्टी कार्यालय में प्रवेश पर रोक भी लगा रखी थी। ममता को नई प्रदेश अध्यक्ष मोना का करीबी माना जाता है।

बीजेपी ने साधा निशाना

कांग्रेस मुख्यालय में हुई जूतेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। यूपी बीजेपी ने एक्स पर बवाल का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि कांग्रेस कार्यालय में नई प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का अपमान करवाया। गौरतलब है कि आराधना मिश्रा मोना प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से तीन बार की विधायक हैं और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। पार्टी ने ब्राह्मण समुदाय के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तहत उन्हें प्रदेश की कमान सौंपी है, लेकिन पदभार के पहले दिन ही हुए इस बवाल ने कांग्रेस के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments