भोपाल में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। भोपाल मेट्रो की समय-सारणी में बदलाव किया गया है और नया शेड्यूल 16 नवंबर से लागू होगा। नए शेड्यूल के तहत सोमवार से शनिवार तक सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे रवाना होगी। वहीं, आखिरी ट्रेन शाम सात बजे चलेगी। पीक ऑवर में यात्रियों को हर 20 मिनट और ऑफ-पीक समय में 40 मिनट के अंतराल पर मेट्रो मिलेगी। रविवार को सेवाएं सुबह साढ़े 11 बजे से रात साढ़े आठ बजे तक चलेंगी।
![]()
सोमवार से शनिवार तक का शेड्यूल
भोपाल मेट्रो कॉरपोरेशन ने सोमवार से शनिवार तक मेट्रो संचालन की नई टाइमिंग जारी की है। इसके मुताबिक, सुभाष नगर स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे और आखिरी ट्रेन शाम सात बजे रवाना होगी। वहीं, एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12:40 बजे और आखिरी ट्रेन शाम साढ़े सात बजे चलेगी। नई व्यवस्था सोमवार से शनिवार तक लागू रहेगी। यात्रियों को इसी हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।
पीक ऑवर में हर 20 मिनट पर मिलेगी ट्रेन
नई व्यवस्था में मेट्रो ट्रेनों के बीच का अंतराल भी तय किया गया है। सामान्य कार्यदिवसों में पीक ऑवर के दौरान हर 20 मिनट में मेट्रो उपलब्ध होगी। वहीं, ऑफ-पीक समय में यात्रियों को अगली ट्रेन के लिए 40 मिनट इंतजार करना होगा। मेट्रो कॉरपोरेशन के मुताबिक, समय-सारणी में बदलाव यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया है। 16 नवंबर से मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को नए शेड्यूल के अनुसार यात्रा की योजना बनानी होगी। खासकर दोपहर और शाम के समय सफर करने वालों को ट्रेन की टाइमिंग का ध्यान रखना होगा।
रविवार और छुट्टियों का अलग शेड्यूल
रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का संचालन अलग समय-सारणी के अनुसार होगा। इन दिनों सेवाएं सुबह साढ़े 11 बजे से रात साढ़े आठ बजे तक जारी रहेंगी। रविवार को दोपहर एक बजे तक हर 30 मिनट में मेट्रो मिलेगी। इसके बाद दोपहर एक बजे से रात साढ़े आठ बजे तक हर 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहेगी।
यात्रियों को टाइमिंग देखकर निकलना होगा
नई समय-सारणी के अनुसार दोनों स्टेशनों से पहली और आखिरी मेट्रो का समय अलग-अलग रहेगा। सुभाष नगर स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे और आखिरी शाम सात बजे चलेगी। एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12:40 बजे और आखिरी शाम साढ़े सात बजे रवाना होगी। मेट्रो कॉरपोरेशन ने यात्रियों से अपील की है कि वे 16 नवंबर से नए शेड्यूल के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें स्टेशन पर लंबा इंतजार न करना पड़े।

