back to top
Tuesday, November 17, 2026
Homeराज्यगोरी क्रीम विवाद: इंदौर के दुकानदार बोले- यह हरियाणा की बनी है

गोरी क्रीम विवाद: इंदौर के दुकानदार बोले- यह हरियाणा की बनी है

इंदौर में गोरी क्रीम को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। पाकिस्तानी गोरी क्रीम के खुलासे के बाद सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन ने शहर में कार्रवाई की थी, लेकिन अब जिन दुकानदारों और डिस्ट्रीब्यूटरों के यहां जांच हुई, उन्होंने इस क्रीम को पाकिस्तानी बताने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि उनके पास मिली क्रीम पाकिस्तान की नहीं, बल्कि हरियाणा में बनी एक भारतीय कंपनी की पैंटा गोरी ब्यूटी क्रीम है। दुकानदारों ने अपने दावे के समर्थन में जीएसटी बिल, मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस, ब्रांड रजिस्ट्रेशन और लैब टेस्टिंग रिपोर्ट होने की बात कही है।

हरियाणा का पता मिलने से उलझी जांच

क्रीम की पैकेजिंग और नाम को लेकर पहले से उठ रहे सवालों ने जांच को और पेचीदा बना दिया है। पैकेट पर अंग्रेजी में मेड इन इंडिया लिखने की जगह उर्दू लिपि में जानकारी छपी होने की बात सामने आई है। नाम और पैकिंग में समानता भी संदेह बढ़ा रही है। अब जांच का दायरा सिर्फ क्रीम में मौजूद हानिकारक तत्वों तक सीमित नहीं रह गया है। यह भी पता लगाना जरूरी हो गया है कि प्रोडक्ट का असली निर्माता कौन है, इसकी पैकेजिंग किसने तैयार की और बाजार में इसकी सप्लाई कहां से हो रही है। क्रीम पर पैंटा गोरी कॉस्मेटिक्स, 721, सेक्टर-1, हुडा, शाहाबाद मारकंडा, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा का पता लिखा हुआ मिला है। दुकानदारों की सफाई के बाद कॉस्मेटिक्स बाजार में भी हलचल है। व्यापारियों का कहना है कि बिना जांच के पूरे स्टॉक को पाकिस्तानी बताना सही नहीं है। हालांकि, उनके दावों की पुष्टि अभी विभागीय जांच और लैब रिपोर्ट से होना बाकी है।

पद्मश्री एजेंसी से 315 पीस जब्त

पद्मश्री एजेंसी के संचालक आशीष पाटनी के मुताबिक ड्रग विभाग की टीम गुरुवार शाम करीब छह बजे उनकी एजेंसी पहुंची थी। टीम ने गोरी क्रीम के स्टॉक की जानकारी मांगी। पाटनी का कहना है कि उन्होंने उपलब्ध पूरा स्टॉक अधिकारियों के सामने रख दिया और कंपनी के बिल, जीएसटी बिल, ब्रांड रजिस्ट्रेशन, सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज भी अधिकारियों को दिखाए। उनके मुताबिक जांच रात करीब साढ़े दस बजे तक चली। इस दौरान टीम ने कुल 315 पीस प्रोडक्ट जब्त किए। अगले दिन उन्हें कोर्ट में बुलाया गया, जहां से अधिकारियों ने संबंधित प्रोडक्ट्स की कस्टडी प्राप्त की। अब विभाग की ओर से प्रोडक्ट्स के सैंपल की जांच कराई जाएगी। पाटनी का कहना है कि उनके यहां मुख्य रूप से पैंटा गोरी क्रीम का स्टॉक था, जिसका निर्माण हरियाणा में होता है। उनका कहना है कि एजेंसी ने इसी साल जनवरी से इस क्रीम का कारोबार शुरू किया था। कंपनी और उत्पाद के दस्तावेज देखने के बाद ही वितरण शुरू किया गया था। महीने में मुश्किल से 100 से 125 पीस की बिक्री होती है।

रानीपुरा की दुकान से चार पीस सैंपल लिए गए

रानीपुरा के छोगालाल उस्ताद मार्ग स्थित कॉस्मेटिक दुकान के संचालक अलकेश वाधवानी ने भी क्रीम को भारतीय प्रोडक्ट बताया है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर पैंटा गोरी ब्यूटी क्रीम बेची जा रही थी और इसका निर्माण हरियाणा में होने का दावा है। पैकेट पर निर्माता का पता, मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस नंबर और अन्य जानकारियां उपलब्ध हैं। वाधवानी के मुताबिक ड्रग इंस्पेक्टर वरुण कुमार राय के नेतृत्व में तीन अधिकारियों की टीम दुकान पर पहुंची थी। करीब दो घंटे तक जांच चली। इस दौरान टीम ने चार पीस सैंपल के लिए उपलब्ध कराने को कहा। दुकानदार के मुताबिक इनमें से तीन पीस विभाग अपने साथ ले गया और उन्हें विभागीय सील के साथ लिया गया। वाधवानी का कहना है कि उनके पास प्रोडक्ट के बिल और जीएसटी बिल मौजूद हैं। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी अधिकृत लैब में जांच कराने की बात कही है। उनका दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में भी जांच की पूरी प्रक्रिया उपलब्ध है। उनका कहना है कि भारतीय प्रोडक्ट को पाकिस्तानी बताकर पेश किए जाने से व्यापारियों के बीच भ्रम की स्थिति बनी है।

लैब रिपोर्ट से होगा सच साफ

इस पूरे मामले में अब सबसे अहम भूमिका लैब जांच की होगी। दुकानदारों के दावों और दस्तावेजों की सच्चाई तभी सामने आएगी, जब विभाग की ओर से लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आएगी। तब तक यह साफ नहीं हो पाएगा कि क्रीम सच में हरियाणा की भारतीय कंपनी की है या इसमें कुछ और सच्चाई छिपी है। विभाग की जांच में क्रीम के तत्वों के साथ-साथ उसके निर्माता, पैकेजिंग और सप्लाई चेन की भी पड़ताल होनी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments