केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कहा कि पिछले चार वर्षों में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सिर्फ सात फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसी अवधि में दुनिया के कई देशों में ईंधन के दाम 50 से 70 फीसदी तक बढ़ गए। उन्होंने यह बात पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
![]()
मंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतों में भारी उछाल के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल के दामों को काबू में रखने में केंद्र सरकार की नीतियों की अहम भूमिका रही है। सरकार ने दोनों ईंधनों पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती की और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा खुद उठाया, ताकि इसका सीधा बोझ आम उपभोक्ताओं पर न पड़े।
तीन बार घटाया गया उत्पाद शुल्क
हरदीप पुरी ने बताया कि प्रधानमंत्री की सक्रिय नीतियों के चलते केंद्रीय उत्पाद शुल्क में तीन बार कटौती की गई। यह कटौती नवंबर 2021, मई 2022 और 10 मार्च 2026 को हुई। अगर चार साल की अवधि को देखा जाए तो दुनिया के अन्य देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 50 से 70 फीसदी तक बढ़ीं, जबकि भारत में इनमें केवल सात फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। मंत्री ने कहा कि इस मायने में भारत वैश्विक स्तर पर एक अनूठा उदाहरण है।
तेल कंपनियों ने घाटे में रहकर भी बोझ उठाया
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की तेल विपणन कंपनियों बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल ने जिम्मेदार कॉरपोरेट नागरिक की भूमिका निभाई। इन कंपनियों ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने के बजाय काफी नुकसान खुद उठाया और घाटे में काम किया। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश के भीतर खुदरा कीमतें स्थिर बनी रहीं।
एलपीजी की कमी के दावों को बताया अफवाह
मंत्री ने एलपीजी की कमी को लेकर विपक्षी दलों के दावों को भी अफवाह करार दिया। उन्होंने कहा कि देश की तेल कंपनियों ने एलपीजी का दैनिक उत्पादन 34 हजार मीट्रिक टन से बढ़ाकर 55 हजार मीट्रिक टन कर दिया है। देश के सभी 1.07 लाख खुदरा बिक्री केंद्रों पर ईंधन और गैस की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रही। कुछ राजनीतिक विरोधियों ने बड़ी अफवाहें फैलाने की कोशिश की। पिछले संसद सत्र के दौरान वे गैस सिलेंडरों के कटआउट लेकर उनका स्वागत करने आए थे और दावा कर रहे थे कि देश में भारी कमी होने वाली है और एलपीजी सिलेंडर खत्म हो जाएंगे। लेकिन कहीं भी कोई कमी सामने नहीं आई।

