नवंबर और दिसंबर में शादी-ब्याह का सीजन और पर्यटन की बढ़ती गतिविधियों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने रविवार, 22 नवंबर से छह जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। इन ट्रेनों से इंदौर, रतलाम, नागदा, उज्जैन और दाहोद समेत मंडल के कई स्टेशनों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
![]()
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि ये विशेष ट्रेनें डॉ. अंबेडकर नगर (महू), बांद्रा टर्मिनस, वलसाड, उधना और अहमदाबाद से गोरखपुर, रक्सौल और बरौनी के बीच चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों का किराया विशेष श्रेणी का होगा। यात्रियों को इन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी ज्यादा रहेगी, क्योंकि नियमित ट्रेनों में इन दिनों वेटिंग लंबी चल रही है।
महू-गोरखपुर स्पेशल: शाम 6 बजे रवाना
ट्रेन संख्या 09327 डॉ. अंबेडकर नगर-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को शाम 6 बजे महू से रवाना हुई। यह ट्रेन इंदौर, फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, उज्जैन और मक्सी होते हुए मंगलवार रात 1 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। रास्ते में इसका ठहराव संत हिरदाराम नगर, विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और देवरिया सदर सहित कई स्टेशनों पर रहेगा। इस ट्रेन में स्लीपर और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए गए हैं।
बांद्रा और वलसाड से भी गोरखपुर-रक्सौल के लिए ट्रेनें
ट्रेन संख्या 09171 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 4.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से चली। यह दोपहर 2.30 से 2.40 बजे तक रतलाम और 3.23 से 3.25 बजे तक नागदा में रुकेगी, और अगले दिन शाम 6 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 09137 वलसाड-रक्सौल स्पेशल 22 नवंबर को रात 10.20 बजे वलसाड से रवाना हुई। यह अगले दिन सुबह 5.25 से 5.35 बजे तक रतलाम और 6.53 से 6.55 बजे तक नागदा रुकेगी, फिर मंगलवार दोपहर 1 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
अहमदाबाद-बरौनी के लिए दो जोड़ी ट्रेनें
ट्रेन संख्या 09459 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 22 नवंबर को रात 1 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई। यह सुबह 6.50 से 7 बजे तक रतलाम और 7.48 से 7.50 बजे तक नागदा में रुकी और अगले दिन रात 8 बजे बरौनी पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 05226 अहमदाबाद-बरौनी स्पेशल 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे अहमदाबाद से चलेगी। यह मंगलवार को दाहोद में शाम 4.45 से 4.47 बजे, रतलाम में शाम 6.10 से 6.20 बजे, नागदा में शाम 6.55 से 6.57 बजे और उज्जैन में रात 8.20 से 8.25 बजे तक रुकेगी, फिर गुरुवार सुबह 3 बजे बरौनी पहुंचेगी। इसकी वापसी ट्रेन 05225 बरौनी-अहमदाबाद स्पेशल 22 नवंबर को रात 11 बजे बरौनी से रवाना हुई।
उधना-गोरखपुर स्पेशल में एसी कोच भी
ट्रेन संख्या 05018 उधना-गोरखपुर स्पेशल 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे उधना से रवाना होगी। यह सोमवार रात 9.28 से 9.38 बजे तक रतलाम और रात 10.23 से 10.25 बजे तक नागदा में रुकेगी और अगले दिन रात 8.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसकी वापसी ट्रेन 05017 गोरखपुर-उधना स्पेशल 22 नवंबर को सुबह 7.35 बजे गोरखपुर से रवाना हुई। इस ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और ठहराव एक बार रेलवे की आधिकारिक जानकारी से जरूर जांच लें।

